आगरालीक्स…ग्रेटर आगरा के बाद आगरा के इस एरिया में बनेगी एडीए की दूसरी बड़ी टाउनशिप. 130 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होगी यह टाउनशिप. आवासीय और व्यवसायिक भवन व भूखंड होंगे…
नया शहर बनाने की योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा शहर की दूसरी सबसे बड़ी टाउनशिप बनाई जाएगी. यह टाउनशिप 130 हेक्टेयर भूमि पर बनाई जाएगी. टाउनशिप के लिए ग्वालियर रोड पर ककुआ और भांडई गांव के बीच भूमि चिन्हित की गई है. इस टाउनशिप की कुल लागत 745 करोड़ रुपये आंकी गई है जिसमें जमीन अधिग्रहण के लिए किसानों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा दिया जाएगा. बड़ी बात ये है कि भूमि अधिग्रहण के लिए पहली किस्त में 150 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं. आगरा विकास प्राधिकरण ने इस टाउनशिप के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था.
इनर रिंग रोड पर ग्रेटर आगरा बनाने के लिए मुआवजा वितरण शुरू हो चुका है. वहीं अब दूसरी सबसे बड़ी टाउनशिप ग्वालियर रोड पर प्रस्तावित है. इस संबंध में एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ का कहना है कि नई टाउनशिप ग्रेटर आगरा से अलग होगी. इसके निर्माण का प्रस्ताव एडीए बोर्ड बैठक में स्वीकृत हो चुका है. टाउनशिप का डिजाइन तैयार कराने के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं.