आगरालीक्स …Agra News: आगरा में करोड़ों की एमएनसी नकली दवा की जांच से सहायक औषधि आयुक्त नरेश मोहन दीपक को हटाया। श्री राधे मेडिकल एजेंसी के ताले तोड़े गए। तीन फर्म पर की अभी तक जांच। ( Agra News: Additional Drug Commissioner Naresh Mohan Deepak call back from Counterfeit Medicine case, Radhe Medical seize#Agra )
आगरा में 22 अगस्त को सहायक औषधि आयुक्त बस्ती नरेश मोहन दीपक, एसटीएफ इंस्पेक्टर, यतींद्र शर्मा की संयुक्त टीम ने फव्वारा दवा बाजार में गोगिया मार्केट स्थित बंसल मेडिकल और मुबारक महल स्थित हे मां मेडिको पर छापा मारा था। शनिवार को टीम हे मां मेडिको पर जांच करने पहुंची तो संचालक हिमांशु अग्रवाल ने नकली दवा में कोई कार्रवाई ना करने के लिए एक करोड़ की रिश्वत देने की पेशकश की। टीम ने प्लानिंग कर एक करोड़ रुपये की रिश्वत के साथ हिमांशु अग्रवाल को अरेस्ट कर मेरठ में एंटी करप्शन न्यायालय में पेश किया और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 3.35 करोड़ की दवाएं जब्त कीं।

हे मां मेडिको, बंसल के बाद श्री राधे मेडिकल की जांच
टीम ने हे मां मेडिको के बाद बंसल मेडिकल की जांच की। हे मां के संचालक हिमांशु अग्रवाल के भाई दीपक सिंघल की मोती कटरा में श्री राधे मेडिकल एजेंसी है टीम वहां पहुंची, ताले लगे होने पर ताले तोड़े गए तो अंदर दवाओं का जखीरा भरा हुआ था। सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के अनुसार, संचालक दीपक सिंघल को फोन किया लेकिन वह नहीं आया इसके बाद उसे सीज कर दिया गया। नोटिस चस्पा किया गया है कि मौके पर उपस्थित होकर दवाओं की जांच कराएं।
सहायक औषधि आयुक्त नरेश मोहन दीपक को हटाया गया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम को इस पूरे मामले की जांच कर रहे सहायक औषधि आयुक्त बस्ती नरेश मोहन दीपक को हटा दिया गया। उनकी जगह आगरा के सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय को आगे की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।