आगरालीक्स…आगरा में मनकामेश्वर मंदिर के पास ‘डमरू’ लगा तो इस जगह लग रहा भगवान राम का धनुष वाण…..जल्द ही रंगीन लाइटों से जगमगाएगा यह चौराहा
आगरा के चौराहों को सुंदर व आकर्षक बनाने का काम चल रहा है. आज सुबह जहां मनकामेश्वर मंदिर के पास भगवान शिव का डमरू लगा हुआ लोगों ने देखा तो वहीं मदिया कटरा स्थित रेलवे पुल पर स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर भगवान श्रीराम का धनुष वाण लगाया जाएगा. इस चौराहें के सुंदरीकरण का कार्य नगर निगम द्वारा किया जा रहा है. इसके साथ ही यहां पुल पर टूटी पड़ी पुष्पांजलि अपार्टमेंट की दीवार का निर्माण भी करा दिया गया है. साइट पटरी भी बनाई जा रही है. जल्द ही यह चौराहा रंगीन लाइटों से जगमगाएगा.
आगरा में मन:कामेश्वर मंदिर कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। आज सुबह यहां महादेव के दर्शन से पहले लोगों ने डमरू के दर्शन किए। आगरा में भगवान शिव के मन:कामेश्वर मंदिर के कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां पीपलमंडी चौराहे से मंदिर की ओर जाने पर भोले के भक्त आज सुबह उस वक्त चौंक गए जब उन्हें शिव का डमरू नजर आया। दरेसी की ओर भव्य गेट का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसे लाल बलुई पत्थर से बनाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भगवान शिव के प्राचीन मंदिर मन:कामेश्वर मंदिर पर नगर निगम ने कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर 3.54 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे कॉरिडोर में कोबल स्टोन लगाया जाएगा, वहीं मंदिर तक जाने वाली सभी सड़कों पर लाल पत्थर से निर्माण किए जाएंगे।
मंदिर के सामने स्टील की रेलिंग से भीड़ प्रबंधन किया जाना है, जबकि यमुना किनारा और दरेसी की ओर से मंदिर जाने वाले भक्तों के लिए भव्य गेट बनाया जाएगा। पार्षद रवि माथुर ने बताया कि तिकोनिया पर जहां शनि मंदिर है वहां लाल पत्थर से काम चल रहा है। सडक के दोनों ओर पटरी और फर्श भी लाल पत्थर से बनाया जाना है।