आगरालीक्स…आगरा में अब ई रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई. ट्रैफिक पुलिस ने 13 के काटे चालान, चार को किया सीज…जानिए आगरा में कितने चल रहे हैं ई रिक्शा
आगरा में यातायात पुलिस के निशाने पर अब ई—रिक्शा आ गए हैं. शहर में ई रिक्शाओं में मानक से अधिक सवारियां बिठाई जा रही हैं तो वहीं कई ई रिक्श अनाधिकृत रूप से एमजी रोड से लेकर सभी रूटों पर दौड़ रहे हैं. सोमवार को यातायात पुलिस ने एमजी रोड पर कई स्थानों पर ई रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाया. इसमें 17 के खिलाफ कार्रवाई की गई. 13 ई रिक्शा का चालान किया गया तो वहीं 4 ई रिक्शा को सीज किया गया.

5742 रजिस्टर्ड हैं यात्री ई रिक्शा
आगरा में परिवहन विभाग में रजिस्टर्ड यात्री ई—रिक्शा की संख्या 5742 है जबकि 234 माल वाहन ई रिक्शा पंजीकृत हैं. इनके अतिरिक्त आगरा में ढाई से तीन हजार ई रिक्शा अनाधिकृत रूप से दौड़ लगाते हैं. बता दें कि ई रिक्शा संचालन के लिए उसका परिवहन विभाग में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है. यह रजिस्ट्रेशन ई रिक्शा स्वामी के नाम से ही होता है लेकिन रजिस्ट्रेशन से पहले उसका अस्थाई ड्राइविंग लाइसेंस होना भी जरूरी है. इसके बाद ही संचालन की अनुमति दी जाती है. इसके बावजूद आगरा में ढाई से तीन हजार ई रिक्शा बिना पंजीकरण के दौड़ रहे हैं और बेहिसाब सवारियां भर लेते हैं.