आगरालीक्स…पंचकुला में बच्चों के हिंसक व्यवहार पर आगरा के बिहेवियर साइंटिस्ट डॉ. नवीन गुप्ता ने चिंता जाहिर की है, परिवार और समाज के लिए चेतावनी कहा, समाधान की दिशा में पांच सुझाव भी दिए हैं
पंचकुला में नौ वर्षीय बच्चे द्वारा छह साल की बच्ची पर हमला करने की घटना बेहद चिंताजनक है। यह कोई साधारण घटना नहीं है, बल्कि हमें बच्चों के मानसिक और भावनात्मक विकास को लेकर गंभीरता से सोचने के लिए मजबूर करती है। यह कहना है आगरा के बिहेवियर साइंटिस्ट एंड लाइफ कोच डॉ. नवीन गुप्ता का।
आगरा में सेंटर फॉर सेल्फ एंड करियर डवलपमेंट (CSCD) के निदेशक डॉ. नवीन गुप्ता ने कहा कि इस घटना के पीछे के कारणों को समझने के लिए बच्चे के घरेलू परिवेश, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक वातावरण की मनोवैज्ञानिक जांच आवश्यक है। यह देखना जरूरी है कि कहीं बच्चा घर में हिंसा, गाली-गलौज, आक्रामक व्यवहार, उपेक्षा या भावनात्मक असुरक्षा का अनुभव तो नहीं कर रहा है।
आज बच्चों का व्यक्तित्व केवल परिवार और स्कूल से ही नहीं, बल्कि मोबाइल, सोशल मीडिया, इंटरनेट और आसपास के सामाजिक वातावरण से भी प्रभावित होता है। वे जो देखते और अनुभव करते हैं, उसका प्रभाव उनके व्यवहार में दिखाई दे सकता है।
हमें यह भी समझना होगा कि नौ वर्ष की उम्र में किसी बच्चे के व्यवहार को केवल अपराध या अनुशासनहीनता का नाम देकर छोड़ देना उचित नहीं है। उसके व्यवहार के पीछे छिपे भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक कारणों को समझना आवश्यक है। साथ ही, पीड़ित बच्ची की सुरक्षा, भावनात्मक देखभाल और आवश्यक काउंसलिंग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
समाधान की दिशा
— दोनों बच्चों को आवश्यक मनोवैज्ञानिक सहयोग दिया जाए।
— संबंधित बच्चे के पारिवारिक परिवेश का संवेदनशीलता से आकलन किया जाए।
— स्कूलों में नियमित रूप से भावनात्मक शिक्षा और व्यवहार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाए।
— बच्चों में सहानुभूति, करुणा और कृतज्ञता जैसे मूल्यों का विकास किया जाए।
— माता-पिता को पॉजिटिव पैरेंटिंग और बच्चों के व्यवहार को समझने के लिए जागरूक किया जाए।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि हमें याद रखना चाहिए कि बच्चे केवल उपदेशों से नहीं, बल्कि अपने आसपास के व्यवहार को देखकर सीखते हैं। बच्चों के हाथों में मोबाइल देने से पहले हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके मन में मानवीय मूल्यों का विकास हो रहा है या नहीं।
समाज के लिए यह आत्ममंथन का समय है। बच्चों के व्यवहार में दिखाई देने वाली हिंसा को केवल दंड से नहीं, बल्कि समझ, संवेदनशीलता, उचित मार्गदर्शन और समय पर हस्तक्षेप से संबोधित करना होगा।
- 19 November 2026 Agra News
- Agra headlines
- Agra hindi news
- Agra latest news
- Agra Live news
- Agra news
- agra online news
- Agra today news
- Agra update news
- Agra's Behavior Scientist Dr. Naveen Gupta
- Behavior scientist and Life Coach Dr. Naveen Gupta
- CSCD Director Dr. Naveen Gupta Agra
- dr naveen gupta agra
- Life Coach Dr. Naveen Gupta
- today news