आगरालीक्स…आगरा के इकलौते एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के दिन फिरने वाले हैं, 10 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है, यह स्टेडियम 70 के दशक में बना था
आगरा में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों के लिए खुशी की खबर है। बदहाली का दंश झेल रहे एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के दिन जल्द ही फिरने वाले हैं। 50 साल बाद एकलव्य स्टेडियम की सूरत बदलने की तैयारी शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि शहर के इकलौते एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण 70 के दशक में हुआ था। इसके बाद से ही मरम्मत न होने के चलते स्टेडियम की मुख्य बिल्डिंग, दर्शक दीर्घा सहित अधिकांश हॉल जर्जर हो चुके हैं। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी के निरीक्षण के बाद करीब आठ महीने पहले इन सभी को नया रंग रूप देने के लिए खेल विभाग ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन से काम की डीपीआर तैयार कराई थी। यूपीपीसीएल ने 12 करोड़ रूपये का बजट तैयार किया था। बजट प्रस्ताव खेल निदेशालय भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि खेल निदेशालय से 10 करोड़ रूपये का बजट मंजूर हो गया है। अभी वित्त विभाग की मंजूरी बाकी है। इसके बाद स्टेडियम के जीर्णोद्धार का काम शुरू हो जाएगा।
शहर के एकमात्र इस स्टेडियम का निर्माण 70 के दशक में हुआ था। 50 साल पहले बनीं अधिकांश बिल्डिंगें जर्जर स्थिति में हैं। हालांकि समय समय पर काम चलाउ निर्माण कराया जाता है मगर ये काफी नहीं है। कुछ समय पहले जब मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने स्टेडियम का निरीक्षण किया था तो हालत पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने क्षेत्रीय खेल कार्यालय को स्टेडियम का जीर्णोद्धार कराने के लिए एक प्रस्ताव बनाने को कहा था। इसके बाद क्षेत्रीय खेल कार्यालय ने मंडलायुक्त की मंशा खेल निदेशालय को अवगत कराई। खेल निदेशालय ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन को निमार्णदायी संस्था नियुक्त कर दिया। यूपीपीसीएल ने पूर्ण जीर्णोद्धार के लिए डीपीआर तैयार की थी, जिसमें 12 करोड़ रूपये का बजट मांगा गया था।