आगरालीक्स…आगरा का ऐतिहासिक राजेश्वर मेले का उद्घाटन कल. दो साल बाद लगेंगे आगरा में सावन के महीने में शिव मंदिरों पर मेले.
आगरा में दो साल बाद सावन माह में शिव मंदिरों पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले लगने जा रहे हैं. सावन के पहला सोमवार 18 जुलाई को है और पहले सोमवार को राजपुर चुंगी स्थित ऐतिहासिक राजेश्वर महादेव मंदिर पर भव्य मेला लगेगा. रविवार को इस मेले का उद्घाटन किया जा रहा है. प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर मेला कमेटी द्वारा रविवार को शाम साढ़े चार बजे राजेश्वर बाबा का रूद्राभिषेक एवं आरती के साथ राजेश्वर मेला का उद्घाटन शाम पांच बजे वृंदावन के श्री श्री 1008 केशवानन्द जी महाराज द्वारा प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर शमसाबाद रोड पर किया जाएगा. इस अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा भी निकलेगी जो कि राजेश्वर मंदिर से राजपुर चुंगी तिराहा से वापस राजेश्वर मंदिर पहुंचेगी.

दूसरे सोमवार लगेगी ऐतिहासिक शिव परिक्रमा
आगरा में सावन माह के दूसरे सोमवार को ऐतिहासिक शिव परिक्रमा भी लगाई जाती है. दूसरे सोमवार को बल्केश्वर स्थित बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर पर मेला लगाया जाता है और रविवार शाम से ही शहर के चारों कोनो पर स्थित राजेश्वर महादेव मंदिर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, कैलाश महादेव मंदिर और बल्केश्वर महादेव मंदिर के साथ ही आगरा के बीचोंबीच स्थित श्रीमनकामेश्वर महादेव मंदिर और रावली महादेव की परिक्रमा लगाई जाएगी.
सावन का पहला सोमवार- 18 जुलाई राजेश्वर मंदिर
सावन का दूसरा सोमवार- 25 जुलाई बल्केश्वर मंदिर परिक्रमा लगेगी
सावन का तीसरा सोमवार- 01 अगस्त श्री कैलाश मंदिर
सावन का चौथा सोमवार- 08 अगस्त प्रथ्वीनाथ मंदिर
सावन का आखिरी दिन- 12 अगस्त