आगरालीक्स…आगरा के सेंट पीटर्स ने मनाया स्थापना दिवस. 1846 में आज ही के दिन इस स्कूल की रखी गई थी नींव….
सेंट पीटर्स कॉलेज में आज 'स्थापना दिवस' मनाया गया। विद्यालय के संस्थापक श्रद्धेय जोसेफ एण्टनी बोर्गी ने 1846 को आज ही के दिन इस स्कूल की नींव रखी थी। इस सुअवसर पर कॉलेज प्रबंधक फा० इग्नेशियस मिरांडा, प्रधानाचार्य फा. डॉ. ऑल्विन पिंटो, उपप्रधानाचार्य फा. लुईस खेस, सिस्टर एन्सी. चिरायत (हेडमिस्ट्रेस) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का प्रारम्भ 'प्रार्थना गीत' के साथ किया गया। प्रधानाचार्य फा. डॉ. ऑल्विन पिंटो के द्वारा अपनी प्रार्थना में संस्थापक जोसेफ एंटनी बोर्गी के प्रति धन्यवाद प्रेषित किया गया, जिन्होंने इस विद्यालय की नींव रखी थी।प्रार्थना निवेदन प्रस्तुति के उपरान्त कॉलेज प्रबंधक फा. मिरांडा ने अपने अभिभाषण में कहा कि ‘संस्थापक दिवस' के रूप में हम न केवल उन्हें याद करते हैं, बल्कि उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए संघर्ष की यात्रा को भी स्मरण करते हैं । परिश्रम व ईमानदारी से उन्होंने जो कार्य किए, हम सदा उनके आभारी रहेंगे। हमें भी जीवन में मानवीय गुणों को प्रवाहित करना चाहिए ताकि स्वयं हम भी संवेदनशील समाज का हिस्सा बन सकें। उपप्रधानाचार्य फा. लुईस ने भी प्रार्थना प्रस्तुत की व उन्होने कॉलेज के संस्थापक के प्रति धन्यवाद प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अध्यापक कॉर्डीनेटर श्रीमती दिव्या सिंह, श्रीमती नितिका तिवारी, श्रीमती शोभा राना भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन छात्र वरदान मार्क वॉकर, शुभकर्मन सिहं, अर्नव खण्डेलवाल, जसकीरत सिंह द्वारा किया गया।