आगरालीक्स…आगरा में अलर्ट, यमुना न किनारे जाने की अपील. मथुरा से 99119 क्यूसेक पानी आगरा की ओर छोड़ा गया. एडवाइजरी और कंट्रोल नंबर भी जारी
अपर जलाधिकारी (वि०/रा०) श्रीमती शुभांगी शुक्ला ने अवगत कराया है कि गोकुल बैराज, मथुरा से 1 सितंबर को सांय 5:00 बजे यमुना नदी में 99119 क्यूसक पानी छोड़े जाने से जनपद आगरा की यमुना नदी में पानी का जलस्तर वर्तमान में 151. 280 है। सिंचाई विभाग के अनुसार यमुना नदी का जलस्तर जल संस्थान आगरा पर स्थिर होने की सम्भावना है। तहसील सदर में यमुना नदी के लो फ्लड पर प्रभावित होने वाले ग्राम तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढ़ी, अमर विहार दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खाँ, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदान्त मन्दिर से फोर्ट एवं तहसील फतेहाबाद में ग्राम भरापुर, बमरौली, ईदौन, भडायना, मेवीकलॉ, गुडा मेवली खुर्द, हिमायूपुर आदि ग्राम प्रभावित होने की सम्भावना है।
अपर जलाधिकारी (वि०/रा०) श्रीमती शुभांगी शुक्ला ने शहरवासियों एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि जरूरी कागजात जैसे राशन कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड को वॉटरफूफ बैग में रखें। क्लोरिन, ओ.आर.एस. तथा आवश्यक दवाइयां प्राथमिक उपचार किट मे रखें, सूखे अनाज व मवेशियों के चारे को किसी ऊँचे स्थान पर सुरक्षित रखें। बाढ़ की चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वृद्ध, दिव्यांगजन एवं बीमार व्यक्तियों को तुरन्त तहसीलों द्वारा स्थापित किये गये बाढ़ शरणांलयों में शरण ले। उबला हुआ या क्लोरिन युक्त पानी का उपयोग करें।बिजली का मुख्य स्विच व गैस रेगुलेटर को बन्द रखें, बाढ़ के सम्पर्क में आयी खाद्य सामग्रियों का सेवन न करें। डूबे हैंडपम्प के पानी का उपयोग न करें। पानी के किनारे न जाये, जरूरत मद चीजों को ऊँचे स्थान पर रखे।
अपर जलाधिकारी (वि०/रा०) श्रीमती शुभांगी शुक्ला ने आगे यह भी अवगत कराया है कि तहसील के राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वंय भ्रमणशील रहते हुऐ बाढ़ की स्थिति पर नजर रखे हुये है एवं शहरवासियों एवं ग्रामवासियों को समय-समय पर जलस्तर की सूचना दी जा रही है। सभी सम्बन्धित विभागों को आवश्यक व्यवस्था कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रूम 24 घण्टें संचालित है, जिसका मोबाइल नं० 0562-2260550 एवं 09458095419 है।