आगरालीक्स…आगरा में पहली बार खाटूधाम, सीकर के लिए 100 श्याम प्रेमियों की डाक निशान यात्रा रवाना. भक्ति का अनूठा समर्पण
आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम सोमवार को उस वक्त देखने को मिला, जब एक शाम सांवरे के नाम समिति (रजि.) द्वारा आगरा से पहली बार डाक निशान यात्रा खाटू श्याम धाम, राजस्थान के लिए रवाना हुई। ट्रांस यमुना कॉलोनी, रामबाग से प्रारंभ हुई इस पावन यात्रा में लगभग 100 श्यामप्रेमी शामिल हुए, जो निशान लेकर बाबा के दरबार तक जाएंगे।यात्रा संयोजक संदीप अग्रवाल ने बताया श्री श्याम भक्तों की परंपरा में डाक निशान यात्रा का विशेष महत्व है। भक्त अपने आराध्य को पत्र (डाक) और ध्वज (निशान) अर्पित करते हुए पैदल या सामूहिक यात्रा कर मंदिर तक पहुंचते हैं। इसे भक्त और भगवान के बीच संवाद तथा अटूट भक्ति का प्रतीक माना जाता है। निशान यात्रा में चढ़ाए गए ध्वज बाबा श्याम की कृपा और रक्षा के प्रतीक होते हैं। इस परंपरा को निभाते हुए आगरा से पहली बार यह यात्रा खाटूधाम के लिए निकली है।
यात्रा क्रमशः सुल्तानगंज की पुलिया, गुरुद्वारा, कारगिल चौराहा, बोदला, बिचपुरी, अछनेरा, किरावली, भरतपुर, दौसा और जयपुर होते हुए 4 सितम्बर को खाटूधाम पहुंचेगी।
यात्रा में शामिल झांकी में बाबा का अलौकिक श्रृंगार सौरभ अग्रवाल द्वारा किया गया। यात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में छप्पन भोग और चांदी का निशान अर्पित किया गया। 4 सितम्बर 2025 को खाटूधाम में 9वां श्री श्याम वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह यात्रा हमारे लिए केवल परंपरा का निर्वाह नहीं बल्कि बाबा श्याम के प्रति हमारे समर्पण और प्रेम का प्रतीक है। पहली बार आगरा से डाक निशान यात्रा निकलना हम सबके लिए गर्व का क्षण है। हमें विश्वास है कि बाबा श्याम की कृपा से यह आयोजन भव्य और सफल होगा।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य भजन संध्या, छप्पन भोग अर्पण, रात्रि जागरण और श्याम भक्तों के लिए विशेष प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। यात्रा में हेमंत अग्रवाल, अंगद शर्मा, सौरभ अग्रवाल, गौरव वार्ष्णेय, हिमांशु गर्ग, राजेश राजपूत, सुशील श्रीवास्तव, धीरज मित्तल, शिवम गुप्ता, अतुल कुमार, मनोज भारद्वाज, मुरारी शाक्य, केशव शाक्य, विजय प्रताप आदि शामिल हैं।