आगरालीक्स…आगरा में मंदिर और स्कूल के पास चल रही शराब की दुकानों के खिलाफ नाराजगी. व्यापार समिति ने कहा आदेश के बाद भी नहीं हटाई गईं शराब की दुकानें…
शाहगंज स्थित रुई की मंडी चारबारा व्यापार समिति एवं प्राचीन शिव मंदिर ट्रस्ट ने क्षेत्र में संचालित देशी और कम्पोज़िट शराब की दुकानों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति और ट्रस्ट का कहना है कि ये दुकानें मंदिर और स्कूल से 50 मीटर के भीतर स्थित हैं, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत (IGRS संख्या 40014625018242) के आधार पर की गई जांच में यह तथ्य सहायक आबकारी आयुक्त और संयुक्त आबकारी आयुक्त द्वारा स्वीकार भी किया जा चुका है। दोनों अधिकारियों ने क्रमशः 6 मई और 15 मई 2025 को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि इन दुकानों को तत्काल स्थानांतरित किया जाए।
अध्यक्ष शुभम त्यागी के अनुसार, देशी शराब की दुकान को हटाने का आदेश आए 18 दिन हो चुके हैं और कम्पोज़िट दुकान के मामले में भी 9 दिन बीत गए हैं, परंतु आबकारी निरीक्षक टालमटोल करते हुए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे। यह प्रशासनिक आदेशों की सीधी अवहेलना है।