आगरालीक्स…आगरा में सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट. मथुरा जा रहे थे पुलिस ने रोका, तीखी नोकझोंक हुई. पुलिस ने थमाया कागज तो टुकड़े—टुकड़े कर दिए
आगरा में सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन का आवास छावनी बना हुआ है. सुबह से ही आवास के बाहर पुलिस फोर्स तैनात हो गया. सासंद रामजीलाल सुमन के मथुरा जाने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद पुलिस फोर्स उनके घर पहुंच गया और उन्होंने मथुरा जाने से रोक दिया. इस पर पुलिस से उनकी जमकर नोकझोंक भी हुई. सांसद मथुरा में एक दलित परिवार से मिलने के लिए जाने वाले थे.मथुरा के भूरेका गांव में दलित बेटी की शादी में दबंगों ने मारपीट की थी. सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर 9 सदस्यीय दल सोमवार सुबह 11 बजे सपा सांसद रामजीलाल सुमन के साथ मथुरा जाने वाला था लेकिन इससे पहले ही सांसद आवास एचआईजी फ्लैट पर पुलिस ने बैरियर लगा दिए. सासंद जाने को निकले तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसको लेकर सांसद की पुलिस से तीखी बहस भी हुई. पुलिस ने एक नोटिस स्वरूप कागज भी थमाया लेकिन सांसद ने उसे फाड़ कर फेंक दिया. हालांकि इसके बाद भी पुलिस ने सांसद को जाने नहीं दिया. सांसद ने नाराजगी जाहिर की और इसे सरकार की तानाशाही बताया.