आगरालीक्स…आगरा में चोर समझकर आटो चालक की पीट—पीट कर हत्या. दूसरे के घर का दरवाजा खटखटा दिया था. मौत के बाद परिजनों का हंगामा
आगरा में एक आटो चालक की पीट—पीट कर हत्या कर दी गई. रात को उसने दूसरे का दरवाजा खटखटा दिया था जिसके बाद उसे चोर समझकर बेहरमी से पीट डाला. घायल आटो चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज उसकी मौत हो गई. युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. वह यहां किराए के मकान में रहता था.
घटना थाना सिकंदरा के गैलाना की है. राम नाम का आटो चचालक रोज की तरह 6 नवंबर की रात लगभग 10 बजे आटो चलाकर लौटा था. वह आटो मालिक अंसार को किराया देने के लिए उसके घर गया था लेकिन अंधेरे में उसने पास में रहने वाले दूसरे व्यक्ति के घर का दरवाजा खटखटा दिया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोगों ने रामू को चोर समझा और उसे पकड़ लिया. इसके बाद हाथ बांधकर बेरहमी से उसे पीटना शुरू कर दिया. पिटाई से रामू की हालत गंभीर हो गई और रात को तीन बजे आरोपी उसे उसके घर के बाहर फेंककर चले गए.शुक्रवार सुबह जब परिजन बाहर निकले तो रामू को खून से लथपथ देखा. उसे निजी अस्पताल ले जाया गया जहां रात को उसकी मौत हो गई.
आज शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया जाना था लेकिन परिजनों ने असोपा अस्पताल के बाहर सड़क किनारे बैठकर विरोध शुरू कर दिया. बाद में पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद लोग वहां से हटे.
पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपी सतीश और राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. परिजन अब अन्य लोगों के भी नाम जोड़ने की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. वहीं रामू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. यहां वह किराए के कमरे पर अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता था.