आगरालीक्स….आगरा में ‘एकवम सत्य’ के साथ बचपन एवं एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में मनाया वार्षिकोत्सव. देशभक्ति, पंजाबी, छत्रपति शिवाजी महाराज एवं नरसिंह अवतार पर बच्चों ने दी प्रस्तुतियां
एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, सिकंदरा, आगरा में 13वाँ वार्षिक दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Ekvam Satya” रही, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में एकता, सत्य और नैतिक मूल्यों की भावना को सुदृढ़ करना था। यह समारोह कक्षा यूकेजी से कक्षा 6 तक के विद्यार्थियों को समर्पित रहा। इसी अवसर पर बचपन प्ले स्कूल (आवास विकास, सिकंदरा) यूनिट का प्रथम वार्षिक दिवस समारोह भी यूनिट-1 बचपन एवं AHPS के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि मनीष अरोरा, विभोर सिंह, कृष्ण कुमार सिंघल, ज्योतिषा मित्तल एवं योगेश कुमार रहे। विशिष्ट अतिथियों में मुनेश गर्ग (संस्थापक, बचपन एवं AHPS), मोहित गर्ग (प्रधानाचार्य) तथा गुंजन गर्ग (निदेशक) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने बच्चों के उत्साहवर्धन के साथ विद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति, पंजाबी, छत्रपति शिवाजी महाराज एवं नरसिंह अवतार जैसे विविध और प्रभावशाली थीम्स पर आधारित नृत्य व नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे कलाकारों का मंचीय आत्मविश्वास एवं भाव-प्रस्तुति विशेष रूप से सराहनीय रही। इस अवसर पर Maestro Award, KEO Award Category 1, KEO Award Category 2 एवं AHPS Mega Competition Award की घोषणाएँ की गईं। साथ ही सभी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमुख श्रेणियों में Miss Bachpan , Master Bachpan, Miss AHPS एवं Master AHPS के खिताब देकर चयनित विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान विद्यालय की सभी अध्यापिकाओं को भी उनके समर्पित योगदान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुनेश गर्ग एवं प्रधानाचार्य मोहित गर्ग ने विद्यालय की अभिनव शिक्षण पद्धतियों एवं पोषणकारी शैक्षिक वातावरण पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से बच्चों की सीखने की यात्रा में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य मोहित गर्ग एवं निदेशक गुंजन गर्ग ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में परनिता निगम (काउंसलर), डॉली चौहान (काउंसलर), दीप्ति चौहान (कोऑर्डिनेटर) एवं समस्त कक्षा अध्यापिकाओं के योगदान की विशेष सराहना की।
