आगरालीक्स…Agra News: आगरा के डॉ. आंबेडकर विवि से संबद्ध बीएड कालेजों पर शिकंजा, मानकों की होगी जांच। ( Agra News: Bed College standard to be checked#Agra )
विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के आगरा, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में स्नातक पाठ्यक्रम संचालित कर रहे कालेजों ने अपने बीएड कालेज भी खोल रखे हैं। कमरों में बीएड कालेज संचालित किए जा रहे हैं। कई बीएड कालेजों में बिजली का कनेक्शन तक नहीं हैं, बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं। शिक्षकों का ब्योरा भी फर्जी दर्ज कर दिया जाता था लेकिन एनसीटीई ने 2021 से सख्ती कर दी। इसके बाद कालेजों की पोल खुलने लगी है और मानक पूरे न होने और शिक्षकों के बिना संचालित हो रहे बीएड कालेजों की मान्यता रद्द की जा रही है। नेशनल काउंसिल फार टीचर एजुकेशन (एनसीटीई) ने 70 बीएड, बीपीएड और एमएड के कालेजों की मान्यता रद्द की है।
इन सभी कालेजों को सत्र 2025 -26 में प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के आगरा, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में बीएड के 239 कालेज हैं इसमें से 172 कालेज की बीएड, बीपीएड और एमएड की काउंसिलिंग में शामिल हो सकेंगे। विश्वविद्यालय द्वारा 172 कालेजों के मानकों की जांच कराई जाएगी।