आगरालीक्स…आगरा में 41 केंद्रों पर दो पालियों में होगी बीएड प्रवेश परीक्षा. 18 हजार स्टूडेंट देंगे परीक्षा. परीक्षा को लेकर विवि की ओर से जारी किए गए नियम…
6 जुलाई 2022 को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा हेतु पर्यवेक्षकों और केंद्र अधीक्षकों की एक बैठक आज खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में संपन्न हुई. डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त नोडल समन्वयक प्रोफेसर संजीव कुमार ने बताया कि आगरा जिले में 41 केंद्रों पर दो पालियों में बीएड प्रवेश परीक्षा संपन्न होगी, जिसमें 18000 विद्यार्थी परीक्षा देंगे. आगे बताया कि प्रत्येक केंद्र पर विश्वविद्यालय की ओर से 2 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं. एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट शासन की ओर से नियुक्त किया गया है और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक दो केंद्रों पर एक केंद्र प्रतिनिधि भी शासन द्वारा अतिरिक्त रूप से तैनात किया गया है.

आगरा जिले के अतिरिक्त मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जिलों में मिलाकर लगभग 21000 विद्यार्थी परीक्षा देंगे. बैठक में आगरा जिले के समन्वयक प्रोफेसर मनु प्रताप सिंह, एडीएम सिटी एके सिंह, एसडीएम संजीव सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर रेखा रानी तिवारी और बरेली विश्वविद्यालय से डॉक्टर पंकज और और डॉक्टर अजय उपस्थित रहे. अंत में प्रोफेसर संजीव कुमार ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी. पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी और दूसरी पारी दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी. सभी संबंधित व्यक्तियों को परीक्षा संचालन हेतु उपयुक्त निर्देश दे दिए गए हैं.