आगरालीक्स…Agra News: आगरा में प्लास्टिक के गिलास मिलने पर चालान के विवाद में मिठाई विक्रेता भाजपा विधायक के चाचा को पीटने के आरोप में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर सहित 22 पर मुकदमा।
आगरा के खेरिया मोड, सराय ख्चाजा नगला कमला खां रोड पर खेरागढ़ से भाजपा विधायक भगवान सिंह कुश्वाहा के चाचा जगदीश कुशवाहा का श्री नत्थी मिष्ठान भंडार है। बुधवार दोपहर में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम टीम के साथ उनके मिष्ठान भंडार पर पहुंचे। आरोप है कि दुकान पर प्लास्टिक के गिलास रखे होने पर एक हजार रुपये का चालान करने लगे, इस पर मिठाई की दुकान केसंचालक जगदीश कुशवाहा ने 500 रुपये का चालान करने का अनुरोध किया लेकिन वे नहीं माने। विवाद होने पर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के भाई मुकेश कुशवाहा भी आ गए। उन्होंने एक हजार रुपये जमा करा कर मामला शांत करा दिया।
जेसीबी से दुकान का काउंटर ढहाने के बाद विवाद, मारपीट
आरोप है कि कुछ देर बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम अपनी टीम के साथ श्री नत्थी मिष्ठान भंडार पर पहुंचे। जेसीबी से उनकी दुकान का काउंटर ढहा दिया, उन्होंने विरोध किया स्थानीय लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, लाठी डंडे चले इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें विधायक के चाचा जगदीश कुशवाह को पीटते हुए नगर निगम के कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के बाद दोनों पक्ष थाने पर पहुंच गए। नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर ने भी सरिया से हमला करने के आरोप लगाए हैं। काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
सेनेटरी इंस्पेक्टर सहित 22 पर मुकदमा
इस मामले में मिठाई विक्रेता जगदीश कुशवाहा ने तहरीर में आरोप लगाए हैं कि सेनेटरी इंस्पेक्टर ने दुकान पर प्लास्टिक का गिलास मिलने पर एक हजार रुपये का चालान काटा और तीन हजार रुपये ले लिए। इसके बाद बुलडोजर से दुकान का काउंटर और शटर तोड़ दिया, विरोध करने पर गिराकर पीटा, पत्नी और भाई से भी अभद्रता की। पुलिस ने सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम, प्रताप के साथ ही 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।