आगरालीक्स…आगरा में एडीए की टाउनशिप अटलपुरम में दूसरे चरण के भूखंडों की बुकिंग होने जा रही है शुरू. इस तारीख से 518 आवासीय भूखंडों की कर सकेंगे आनलाइन बुकिंग
आगरा में एडीए की बहुचर्चित अटलपुरम टाउनशिप में अब दूसरे चरण के भूखंडों की बुकिंग शुरू होने जा रही है. ककुआ व भांडई में स्थित अटलपुरम टाउनशिप के पहले चरण के बाद अब 21 नवंबर से दूसरे चरण के आवासीय भूखंडों की बुकिंग शुरू होगी. इस चरण में सेक्टर चार, पांच, छह व सात हैं जिसमें 518 आवासीय भूखंड हैं. इन भूखंडों के लिए 21 नवंबर से आनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी. इच्छुक आवेदक 22 दिसंबर तक बुकिंग करा सकेंगे. 1100 रुपये का आवेदन पत्र एडीए की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा.
आवासीय भूमि की दर निर्धारित
आवासीय भूमि की दर 29 हजार 500 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है. सेक्टर 4 में 235, सेकटर 5 में 63, सेक्टर 6 में 14 और सेक्टर 7 में 206 भूखंड हैं. इससे पहले आगरा विकास प्राधिकरण की इस अटलपुरम टाउनशिप के पहले चरण में स्थित सेक्टर एक, दो व तीन के आवासीय भूखंडों की आनलाइन बुकिंग की जा चुकी है. सेक्टर एक के 322 में से 283 आवासीय भूखंडों का आवंटन 29 सितंबर को किया गया था. इसके बाद सेक्टर दो व तीन के 374 भूखंडों के लिए 783 आवेदन आए. 17 नवंबर को एडीए आवेदकों की सूची जार करेगा. त्रुटि सुधार का अवसर 24 नवंबर तक होगा.