आगरालीक्स…..Agra News: आगरा के दयालबाग रोड पर तेज स्पीड एसयूवी कार ने जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय को रौंदने के बाद मां बेटे सहित छह को चपेट में लिया, पांच की मौत। वीडियो के साथ पूरा घटनाक्रम। ( Agra News : Car Hit Delivery Boy & 6 others, Five died, Car Driver in Police Custody, Video#Agra )
आगरा के दयालबाग केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर जतिन गार्डन के पास देसी शराब का ठेका है। पुलिस शराब के ठेके के सामने चेकिंग कर रही थी। शुक्रवार रात 8.30 बजे दयालबाग की तरफ से तेज स्पीड टाटा नेक्सन कार आई, एसयूवी कार ने पहले आवास विकास कॉलोनी सेक्टर एक के रहने वाले जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय 25 साल के भानु प्रताप मिश्र की बाइक में टक्कर मार दी, वह सड़क पर गिर गया और मौके पर ही मौत हो गई।
कार ने 150 मीटर में जो भी था उसे चपेट में लिया
डिलीवरी ब्वॉय की बाइक से टकराने के बाद कार की स्पीड और तेज कर दी। इससे आगे पैदल कुटिया वाली गली नगला बूढ़ी निवासी 42 साल की बबली पत्नी हरीश अपने बेटे गोलू के साथ जा रही थी, कार ने दोनों को चपेट में ले लिया। बबली की मौत हो गई। 50 मीटर आगे चलने के बाद नगला बूढ़ी निवासी 23 साल के कमल पुत्र सतीश, 20 साल का क्रष्णा पुत्र महेश और राहगीर 50 साल के बंटेश कुमार को रौंद दिया, 150 मीटर की दूरी पर कार डिवाइडर पर टकराने के बाद पलट गई। दूसरी तरफ गमी में फर्श पर बैठे लोगों पर कार पलट गई। कार के नीचे राहुल और उसका चचेरा भाई विक्की दब गया। लोगों ने दोनों को बाहर निकाला।
हादसे में पांच की मौत से कोहराम, शराब के ठेके पर फूटा आक्रोश
हादसे में डिलीवरी ब्वॉय भानु प्रताप, बबली, कमल, क्रष और बंटेश की मौत हो गई। जबकि राहुल और विक्की घायल हैं। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया, शराब के ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया।
एयरबैग खुलने से बचा कार सवार
हादसे के कारण कार का एयरबैग खुल गया, हादसे में कार सवार बच गया। कार लॉक होने पर स्थानीय लोगों ने कार का शीशा तोड़कर कार सवार को बाहर निकाला, पुलिस ने कार सवार को हिरासत में ले लिया है। कार के नंबर से पहचान की जा रही है।