आगरालीक्स…आगरा में जिला विद्यालय निरीक्षक सहित 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज. इस स्कूल के प्रिंसिपल ने लगाए हैं इन पर गंभीर आरोप
आगरा के थाना शाहगंज में जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार सहित 12 लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है. साकेत इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने इन सभी पर लात घूंसों से पिटाई करने का आरोप लगाया है. शाहगंज पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी, धमकी देना, मारपीट, गाली गलौच की धाराओं में केस दर्ज किया है.

ये हैं आरोप
प्रिंसिपल ओमप्रकाश शर्मा के आरोप है कि डीआईओएस मनोज कुमार के इशारे पर असिस्टेंट डीआईओएस पीके मौर्या, कर्मचारी अजय चौधरी उर्फ अजय पाल सिंह, अतुल, योगेश कुमार, सुशील लवानिया, पुनीत रायजादा, अशुल तोमर, अजीत सिंह, कपिल, तेज प्रकाश, सतेंद्र कुमार एवं अज्ञात लोगों ने उनके आफिस में घुसकर लात—घूंसों से पिटाई की थी. प्रिंसिपल ने प्रधानाचार्य परिषद के बैनरतले डीआईओएस की शिकायत की थी. 9 जनवरी 2023 को ज्ञान दिया था. इस मामले में कमिश्नर ने जांच कमेटी गठित की थी.
इस मामले में जांच समिति ने 3 फरवरी 2023 को कलेक्ट्रेट में सुनवाई की. प्रिंसिपल ने डीआईओएस के खिलाफ साक्ष्य प्रस्तुत किए थे. इस पर जांच समिति ने प्रिंसिपल को संबंधित साक्ष्यों की एक फाइल डीआईओएस को भी उपलब्ध कराने के आदेश दिए. उन्होंने आरोप लगाया कि 8 फरवरी को जब वह साक्ष्यों की फाइल देने एवं समस्याओं के निस्तारण की प्रगति के विषय में जानकारी लेने के लिए डीआईओएस के पास पहुंचे तभी यह घटना हुई.
प्रिंसिपल का आरोप है कि घटना की तहरीर उन्होंने थाना शाहगंज में दी और मेडिकल कराने की मांग की थी लेकिन मेडिकल नहीं कराया गया. दर्द सहते हुए वह अस्पताल पहुंचे और उपचार लिया. 9 फरवरी को उन्होंने पुलिस कमिश्नर के यहां शिकायत भेजी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई. इसके बाद कोर्ट की शरण ली गई.