आगरालीक्स…आगरा में ‘द केरला स्टोरी’ के सारे शो हाउसफुल. मल्टीप्लैक्स से लेकर सिंगल स्क्रीन में आज रात के सभी शो फुल. महिलाओं को फ्री में दी जा रही टिकट
5 मई को रिलीज हुई बहुचर्चित फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ के आगरा में सभी शो आज के हाउसफुल हो गए हैं. फिल्म को देखने के लिए लोगों की काफी संख्या शहर के सिंगल स्क्रींस और मल्टीप्लैक्स में पहुंच रही है. धर्मांतरण जैसे गंभीर विषय पर बनी फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ पर राजनीति भी शुरू हो गई है. आगरा में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सिनेमाघरों के बाहर खड़े होकर लड़कियों और महिलाओं को मुफ्त टिकट देकर फिल्म दिखा रहे हैं तो वहीं योगी यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता फिल्म देखने आने वालों का चंदन का तिलक लगा कर और पुष्प वर्षा कर स्वागत कर रहे हैं. भाजपा युवा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सनातनी बहनों को लव जेहाद की हकीकत को समझाने वाली यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए.

आगरा के सभी शो हाउसफुल
आगरा में आज रविवार को फिल्म के सभी शो हाउसफुल जा रहे हैं. शहर के सिंगल स्क्रींस से लेकर मल्टीप्लैक्स में लगी फिल्म के सभी शो आज रात तक के फुल हो गए हैं. भाजपा युवा मोर्चा के गौरव राजावत का कहना है कि यह फिल्म लव जेहाद और धर्मांतरण की सच्चाई दिखाती है. किस तरह केरल में हमारी बहनों का धर्मांतरण करवा कर उन्हें गलत काम करवाया गया यह इस फिल्म में दिखता है. उन्होंने कहा कि हमारे प्रयासों से फिल्म देखकर अगर हम अपनी एक भी बहन को बचा पाए तो अभियान को सफल मानेंगे.