आगरालीक्स…आगरा में भरी दोपहरी 44 डिग्री तापमान में स्कूल से घर आ रहे बच्चे. पेरेंट्स परेशान. प्रशासन से की जा रही समय बदलने की मांग…
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. दोपहर के समय सूरज एक तरह से आग उगल रहा है. शुक्रवार को तो आगरा का अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गर्मी के कारण सब परेशान हैं लेकिन सबसे ज्यादा परेशान अगर कोई है तो स्कूली बच्चे. आगरा के स्कूलों में गर्मी को देखते हुए सुबह की टाइमिंग तो सुबह 7 बजे कर दी गई है लेकिन दोपहर को जब बच्चे स्कूल से घर वापस लौटते हैं, उस समय हालत बेहद खराब होते हैं. भरी दोपहरी में तपिश के बीच बच्चों को स्कूल से घर लौटना पड़ रहा है. इसको लेकर कई पेरेंट्स ने अपनी परेशानी आगरालीक्स से शेयर की जिसमें अधिकतर पेरेंट्स का कहना है कि बच्चे सुबह छह बजे के घर से निकलते हैं और दोपहर को 2 से 3 बजे तक घर आ रहे हैं. कई स्कूलों में छुट्टी होने का समय दोपहर एक बजे से दो बजे तक का है, ऐसे में बच्चों को घर तक पहुंचने में इतना समय हो जाता है. पेरेंट्स द्वारा प्रशासन से टाइम बदलने की मांग की जा रही है. उनका कहना है कि गर्मी को देखते हुए 12 बजे बच्चों की छुट्टी स्कूल से हो जानी चाहिए….जानिए क्या कहते हैं पेरेंट्स

आगरा के लॉयर्स कॉलोनी में रहने वाली शीला अग्रवाल का कहना है कि उनका 8 साल का बेटा सुबह छह बजे स्कूल जाने के लिए रेडी हो जाता है. सुबह सात बजे तक स्कूल पहुंचना होता है लेकिन दोपहर को उसकी छुट्टी 1 बजे हो रही है. उस समय गर्मी के कारण बुरा हाल होता है. बच्चों को बहुत परेशानी होती है.
कमला नगर की रहने वाली वंदना सिंह का कहना है कि हमारी बेटी क्लास 3 की स्टूडेंट है. गर्मी के कारण दोपहर को लोगों का जब घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है, उस टाइम पर हमारे बच्चे स्कूल से घर लौट रहे हैं. प्रशासन से अपील है कि स्कूलों की टाइम गर्मी को देखते हुए बदला जाए.
सदर के रहने वाले आकाश का कहना है कि इस समय 44 डिग्री तापमान है. मेरे बेटे के स्कूल की छुट्टी पौने दो बजे होती है. छुट्टी के समय जाम लग जाता है और उसे घर तक पहुंचने में ढाई से पौने तीन तक बज जाते हैं. ये वो समय है जब गर्मी अपने चरम पर होती है.