आगरालीक्स…आगरा के साथ दगा कर रहे काले घने बादल. तापमान भी कम हुआ, मौसम भी सुहाना हुआ पर नहीं हुई बारिश. चांस अभी भी बरकरार. जानें मौसम विभाग का अपडेट
आगरा के साथ काले घने बादल दगा कर गए हैं. मौसम विभाग ने बुधवार और आज गुरुवार को भारी बारिश की संभावना जताई थी. बुधवार दोपहर से बादल तो छाए, मौसम भी सुहाना हुआ लेकिन बारिश नहीं हुई. आगरा के लोग बारिश का इंतजार करते रहे और काले घने बादल दगा कर गए. गुरुवार की सुबह भी आसमान में काले घने बादलों के साथ हुई लेकिन बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी. इधर आगरा के आसपास दिल्ली, एटा, अलीगढ़ सहित कई क्षेत्रों में बुधवार को ही झमाझम बारिश हो गई लेकिन आगरा में बारिश को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान अभी तक फेल ही साबित हो रहा है. हालांकि मौसम विभाग अभी भी बारिश की संभावना जता रहा है.

आगरा में भले ही बारिश न हुई हो लेकिन हवाएं चलने से मौसम थोड़ा ठंडा जरूर हो गया जिसके कारण आगरा का तापमान कम हुआ है. गुरुवार को आगरा का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
मौसम विभाग का अभी भी पूर्वानुमान है कि आगरा में रविवार तक बारिश के अच्छे आसार बन रहे हैं. हालांकि अब देखना होगा कि मौसम विभाग का यह पूर्वानुमान कितना सही साबित होता है.