आगरालीक्स…आगरा में कोचिंग संचालक ने छात्रा को बहाने से होटल में बुलाया. कमरे में ले गया. छात्रा के शोर मचाने पर भीड़ ने पकड़ा और जमकर पीटा…
आगरा में एक आनलाइन कोचिंग संचालक को सिकंदरा चौराहे के पास भीड़ ने दबोचकर बुरी तरह से पीट डाला. आरोपी कोचिंग संचालक ने एक छात्रा को बहाने से होटल में बुलाया और यहां एक कमरे में ले गया. आरोपी शिक्षक की मंशा समझते छात्रा को देर न लगी और उसने शोर मचा दिया व अपने भाई को कॉल कर दिया. शोर सुनकर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंप लिया. पुलिस कार्रवाई कर रही है.आनलाइन कोचिंग संचालक के संपर्क में आई थी छात्रा
घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सिकंदरा चौराहे के पास की है. आवास विकास कॉलोनी में रहने वाली एक छात्रा आनलाइन कोचिंग की तलाश में एक कोचिंग संचालक के संपर्क में आई थी. आरोपी कोचिंग संचालक ने उसे कोचिंग कराने और कॉलेज में प्रवेश दिलाने के नाम पर उसका मोबाइल नंबर ले लिया. कोचिंग संचालक ने उसे अपने आफिस बुलाया और बातचीत करके उसे कोचिंग देने और कॉलेज में प्रवेश दिलाने की बात कही.
छात्रा का आरोप है कि शुक्रवार को आरोपी शिक्षक ने मैसेज करे उसे होटल पर बुलाया था. वह होटल पहुंची तो आरोपी उसे कमरे में ले गया और बंद कर दिया. उसकी मंशा समझते ही छात्रा ने शोर मचा दिया और अपने भाई को भी कॉल कर दिया. शोर मचाने और सूचना पर कई लोग होटल पर पहुंच गए. यहां आरोपी कोचिंग संचालक को पकड़कर बुरी तरह से पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस जांच कर रही है.