आगरालीक्स…आगरा में दीपों की रौनक के साथ हुआ रंग-बिरंगा डांडिया..दीपावली महोत्सव में झूमे लोग…
दीपों और खुशियों के इस पर्व पर भारत विकास परिषद् ‘अमृतम्’ ने दीपावली महोत्सव एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया। सांस्कृतिक रंग और पारंपरिक नृत्य से सजी यह शाम सदस्यों के लिए यादगार अनुभव बनी। कार्यक्रम एसएनजे गोल्ड, फतेहाबाद रोड में आयोजित किया गया। संरक्षक उमेश बाबू अग्रवाल, आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, श्रीनाथ गुप्ता, लवकुश मिश्रा, कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला प्रभारी रेखा राज अग्रवाल के मार्गदर्शन में महिलाओं ने डांडिया उत्सव में सहभागिता की। कार्यक्रम की व्यवस्था सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मंयक जैन संभाली।
अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह सामाजिक मेल-जोल, सांस्कृतिक उत्साह और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। डांडिया नाइट ने युवा और बच्चों को भी भारतीय संस्कृति से जोड़ने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल दीपावली का उल्लास साझा करना था बल्कि समाज में सांस्कृतिक एकता और सामाजिक मेल-जोल को भी बढ़ावा देना था।
इस भव्य आयोजन में उपस्थित सदस्यों ने दीपावली की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंग-बिरंगी डांडिया नाइट का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक संगीत पर झूमते हुए त्योहार की खुशियाँ साझा कीं।