आगरालीक्स…आगरा में गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस पर यमुना की तलहटी पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम. यमुना के संरक्षण और सांस्कृतिक महत्व को किया समर्पित
यमुना नदी, जो भारतीय संस्कृति और पर्यावरण का अभिन्न अंग है, के महत्व को रेखांकित करते हुए, आगरा नगर निगम ने रिवर कनेक्ट कैंपेन के सहयोग से गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यमुना आरती स्थल पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन यमुना के संरक्षण और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ावा देने के लिए समर्पित था। कार्यक्रम में रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने नव निर्मित दशहरा कुंड में सामूहिक स्नान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, जिसमें नृत्य ज्योति कथक के बाल कलाकारों ने डॉ. ज्योति खंडेलवाल के नेतृत्व में शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। विशाल झा और डॉ. शिवानी पाठक ने मधुर गायन से माहौल को भक्तिमय बनाया, जबकि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ AK भट्टाचार्य ने तबला वादन से समां बांधा। कार्यक्रम का शुभारंभ हरि दत्त शर्मा के स्वागत गीत से हुआ, और संचालन पंडित जुगल किशोर श्रोत्रिय ने किया। गोस्वामी नंदन श्रोत्रिय ने भव्य फूल बंगले में यमुना मैय्या की आरती कराई, जिसमें बड़ी संख्या में डॉक्टर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं और यमुना भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन न केवल यमुना के प्रति श्रद्धा का प्रतीक था, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और नदी की स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का भी एक प्रभावी माध्यम बना। रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक ब्रज खंडेलवाल ने बताया कि यमुना की तलहटी में एक कुंड बनाने का प्रयोग किया गया, जिसमें रेत से छन कर नीचे से यमुना जल स्वत ही भर गया। भविष्य में इस तरह के कुंडों की श्रृंखला बनाई जा सकती है जिसमें जल संचय होगा, मछली पालन और स्नान किया जा सकेगा।आगरा नगर निगम और रिवर कनेक्ट कैंपेन यमुना नदी के संरक्षण और इसके सांस्कृतिक महत्व को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस तरह के आयोजन नदियों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समुदाय को प्रेरित करते हैं।