आगरालीक्स…सेना भर्ती के नाम पर करोड़ों ठगने वाले पति—पत्नी. आगरा में भी चल रहे थे दो सेना प्रशिक्षण सेंटर. रंगीन मिजाज ऐसा कि 150 महिलाओं से संबंध, एआई से बनाए फोटो
आगरा मंडल के मैनपुर जिले के किशनी में भारतीय पुलिस प्रोटेक्शन फोर्स के नाम से सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण केंद्र चलाने और देशभर के युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला अरविंद पांडेय और उसकी पत्नी सुमित्रा को जेल भेज दिया गया है. जांच में सामने आया है कि इसके दो सेना प्रशिक्षण सेंटर आगरा में भी थे. इसके अलावा आरोपी अरविंद पांडेय रंगीन मिजाज का निकला है. पुलिस इन दोनों को जेल भेजने के बाद दो आरोपी मुकेश उर्फ रामपाल यादव और प्रकाश नाम के व्यक्ति की तलाश में है. मुकेश उर्फ रामपाल डीड लेखकर है तो वहीं प्रकाश बिहार का रहने वाला है. मुकेश ने अरविंद को किशनी में जमीन किराए पर दिलाई थी तो वहीं प्रकाश ठगी की रकम को मैनेज करता था.जानिए क्या है पूरा मामला
तेलंगाना के रहने वाले पिता—पुत्रों ने किशनी में भारतीय प्रोटेक्शन पुलिस फोर्स के नाम से भर्ती प्रशिक्षण केंद्र चलाने वाले अरविंद पांडेय और उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और 3 से 5 लाख रुपये प्रति व्यक्ति ठगने का आरोप लगाया था. पुलिस ने जब जांच की तो पुख्ता सबूत मिले. अरविंद पांडेय मूलरूप से राजपुर कुर्रा का रहने वाला है. शहर के गाड़ीवान मोहल्ला और फरीदाबाद में भी उसका आवास है. अरविंद अपनी कथित पत्नी सुमित्रा के साथ मिलकर किशनी में भारतीय प्रोटेक्शन पुलिस फोर्स के नाम से भर्ती प्रशिक्षण केंद्र अवैध रूप से चला रहा था और इसके जरिए वह युवाओं को सेना भर्ती का लालच देकर ठगी का काम करता था. पुलिस ने जांच के बाद अरविंद और उसकी पत्नी सुमित्रा को अरेस्ट कर जेल भेज दिया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अरविंद पांडेय का आगरा में भी दो फर्जी ट्रेनिंग सेंटर थे. यहां उसका एक संजय प्लेस में तो दूसरा पंचवटी में आफिस में था. अरविंद पांडेय अधिकांश समय सेना की वर्दी में रहता था जिस पर सेनाधिकारी के बेच लगे रहते थे. आफिस में भी सरकारी प्रतीक चिन्ह रखे रहते थे. बताया जा रहा है कि उसने लोगों को गुमराह करने के लिए अलग—अलग शहरों में अपने आफिस बना रखे थे उनमें आगरा में भी दो आफिस थे. मगर लगभग छह महीने पहले उसने अपने दोनों आफिस बंद कर दिए. ये दोनों ही आफिस किराए पर थे.
रंगीन मिजाज था अरविंद पांडेय
अरविंद के बारे में जानकारी मिली है कि वह रंगीन मिजाज का था. 150 से अधिक महिलाओं से उसके संबंध रह चुके हैं. इस बात को वह बड़े ही रुतबे के साथ बताता था.