आगरालीक्स…आगरा एयरपोर्ट की जगह अब जयपुर में उतर रहे विदेशी चार्टर विमान. आगरा एयरपोर्ट पर ई—टूरिस्ट वीजा की सुविधा हुई बंद…
आगरा में पर्यटन बढ़ाने के लिए यूं तो कई प्रयास किए जाते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में ये ज्यादा सफल नहीं हो पाते. ताजा मामला आगरा एयरपोर्ट पर ई—टूरिस्ट वीजा की सुविधा बंद होने का है. इसके बंद होने से आगरा एयरपोर्ट पर उतरने वाले विदेशी चार्टर विमान अब जयपुर में उतर रहे हैं. इसको लेकर टूरिज्म् गिल्ड ने एयरपोर्ट अथॉरिटी, डीएम और पर्यटन निदेशायल को ई—टूरिस्ट वीजा सुविधा और पहले की तरह आगरा में चार्टर उतरने की व्यवस्था को शुरू करने की मांग की है.

इस संबंध में टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के उपाध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि आगरा में पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में चार्टर विमान आते रहे हैं. लेकिन अब यहां पर ई—टूरिस्ट वीजा आन एराइवल की सुविधा न होने के कारण आगरा के पर्यटन उद्योग को झटका लगा है. बीते माह 15 मई को चार्टर क्रेज आईसीई—1408 आगरा की जगय जयपुर में उतरा, क्योंकि यहां ई—वीजा की सुविधा नहीं है. वहीं टूरिज्म गिल्ड आगराके अध्यक्ष हरि सुकुमार के अनुसार भी पर्यटन सीजन में इसका बड़ा नुकसान आगरा को झेलना पड़ेगा. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने 5 लाख फ्री वीजा की घोषणा की है, जिसका आगरा को फायदा उठाना चाहिए.
पर्यटन सीजन में आते हैं कई चार्टर
बता दें कि आगरा में ताजमहल होने के कारण खेरिया एयरपोर्ट पर पर्यटन सीजन के दौरान करीब 300 से ज्यादा चार्टर उड़ाते आती हैं. इस बार अगस्त से सीजन शुरू हो जाएगा और इनकी संख्या में बढ़ोतरी होगी. हरि सुकुमार ने बताया कि कोरोना काल के बाद अब विदेशी पर्यटकों का आना शुरू हुआ है, लेकिन यहां ई—वीजा सुविधा न होने से चार्टर फ्लाइट पर ब्रेक लगे हुए हैं.