आगरालीक्स…ताजमहल में पूजा—पाठ करने की मांग की गई है. इसको लेकर एडीएम को ज्ञापन भी सौंपा. लगातार बढ़ रहे ताजमहल को लेकर विवाद
पिछले कुछ दिनों से ताजमहल को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार विवाद पर विवाद सामने आते जा रहे हैं. शुक्रवार को अखिल भारत हिंदू महासभा ने कलक्ट्रेट में डीएम के नाम संबोधित एक ज्ञापन एडीएम प्रोटोकॉल हिंमांशु गौतम को सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से ताजमहल में पूजा पाठ करने की अनुमति मांगी गई है. महासभा ने ऐलान किया है कि उन्हें पूजा करने दी जाए, भले ही उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई की जाए.

महासभा की सत्संग प्रमुख योगिनी मां राधा सरस्वती ने कहा कि ताजमहल शिव मंदिर तेजोमहालय है. उन्होंने कहा कि मेरे आराध्य श्रीकृष्ण और राधारानी ने स्वप्न में आकर ताजमहल में शौचालय के पास लगे उनके चित्र को हटवाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उस तस्वीर को तेजोमहालय में जहां शिवलिंग हैं, वहां विराजमान किया जाए. अगर ऐसा संभव नहीं होता है तो वह तस्वीर उन्हें दे दी जाए जिससे उसे वृंदावन में विधि विधान से स्थापित किया जा सके. उन्होंने कहा कि उन्हें पूजा पाठ करने की अनुमति दी जाए और अगर ये उल्लंघन है तो जिस तरह से नमाज पढ़ने वाले लोगों को कोर्ट में पेश किया गया, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए. ज्ञापन देने वालों में संजय जाट, मीना दिवाकर, शंकर श्रीवास्तव, धर्मेंद्र पंडित, अंकित चौहान, सौरभ शर्मा, दुष्यंत कुमार मौजूद रहे.