आगरालीक्स…साहब, मेरे भाई की शादी करा दीजिए…आगरा में डीएम के पास अनोखी गुहार लेकर पहुंंचा एक दिव्यांग. डीएम ने तुरंत दिए ये निर्देश…
आगरा में एक अनोखा और मानवीय मामला सामने आया है. गुरुवार को कलक्ट्रेट में डीएम के पास जनसुनवाई में एक दिव्यांग पहुंचा. उसने डीएम को प्रार्थनापत्र देते हुए कहा कि साहब, मेरे भाई की शादी करा दीजिए. ये अनोखी गुहार को सुन वहां हर कोई हैरान रह गया. डीएम मनीष बंसल ने इस प्रार्थनापत्र को गंभीरता से लिया और अधीनस्थ के लिए आदेश जारी किए.अब जानिए पूरा मामला
लोहामंडी के राजनगर में ओमप्रकाश रहते हैं. ओमप्रकाश दोनेां पैरों से दिव्यांग हैं. गुरुवार दोपहर को ओमप्रकाश कलक्ट्रेट पहुंचे और जनसुनवाई में डीएम मनीष बसंल को अपना प्रार्थना पत्र दिया. उन्होंने बताया कि उनके माता—पिता का निधन हो चुका है. वह खुद पैरों से विकलांग है जिसके कारण घर से बाहर जाकर अपने भाई नरेंद्र के लिए दुल्हन की तलाश करने में पूरी तरह से असमर्थ है. ओमप्रकाश ने यह भी बताया कि उनके भाई की अच्छी आमदनी है. इसके बाद उन्होंने डीएम से किसी सरकारी आश्रम में रहने वाली युवती से भाई की शादी कराने की अपील की.
डीएम ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया और जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक सहयोग करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग और नगर निगम के सहयोग से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादियां कराई जाती हैं. इच्छुक लोग अधिक जानकारी और योजना से जुडी शर्तों के लिए संजय प्लेस स्थित विकास भवन में संपर्क कर सकते हैं. दिव्यांग के प्रार्थनापत्र पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.