Agra News: Divya Chhappan Bhog in Govardhan on 25-26, preparations started in Agra…#agranews
आगरालीक्स…आगरा से गोवर्धन में 25—26 दिसंबर को लगेंगे दिव्य छप्पन भोग. तैयारियां शुरु. 23 को मेहंदी उत्सव
श्रीगिरिराज जी सेवा मण्डल द्वारा 25-26 दिसम्बर को गोवर्धन में आयोजित होने वाले दिव्य छप्पन महोत्सव की तैयारियां शुरु हो गई हैं। 22 दिसम्बर को गोवर्धन में भट्टी पूजन के लिए आज मण्डल के सदस्यों संग खाद्य सामग्री की गाड़ी गोवर्धन के लिए रवाना हुई। 22 दिसम्बर को भट्टी पूजन व 23 दिसम्बर को अग्रवन में मेहंदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
मण्डल के संस्थापक नितेश अग्रवाल व मुरारीलाल गोयल ने गाड़ी के आगे श्रीफल फोडकर व आरती कर गाड़ी को रवाना किया। नितेश अग्रवाल ने बताया कि श्रीगिरिराज जी सेवा मण्डल द्वारा गोवर्धन तलहटी, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित श्री शरणानंद जी के आश्रम में आयोजित छप्पन भोग महोत्सव में कलकत्ता के कारीगरों द्वारा हीरे, मोती, पन्ने और माणिक जड़ित पोशक से सजेंगे ठाकुर जी।

द्वारिकाधीश मंदिर मथुरा के महन्त शरद शंकर जी द्वारा गिरिराज जी महाराज का अलौकिक श्रंगार किया जाएगा। वहीं वैष्णव पद्धति से बनाए गए विभिन्न प्रकार के 11 हजार किलो व्यंजनों से गिर्राज जी महाराज को छप्पन भोग समर्पित किए जाएंगे। ठाकुर जी का अलौकिक श्रृंगार, भव्य फूल बंगला व जगमग रोशनी की सजावट के साथ ठाकुर जी के लिए महल का निर्माण किया जाएगा। 25 दिसम्बर को प्रातः गिरिराज जी महाराज का गोविन्दाभिषेक किया जाएगा। इसके उपरान्त गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाई जाएगी।
26 दिसम्बर को प्रातः साधु सेवा, दोपहर में भंडारा व छप्पन भोग के दर्शन होंगे। सांय काल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। गोवर्धन रवाना होने वाली गाड़ी में मण्डल के सदस्यों में संस्थापक नितेश अग्रवाल, मुरारीलाल गोयल, मयंक अग्रवाल, अजय सिंघल, पुनीत, अजय, रविन्द्र कुमार गोयल, वीरेन्द्र मित्तल आदि शामिल थे।