आगरालीक्स…आगरा से डॉक्टरों ने की टेली रोबोटिक सर्जरी द्वारा मुंबई और भोपाल में भर्ती मरीजों के सफल आपरेशन. एंडो रोबो गायनी 2025 में किए गए 25 जटिल आपरेशन. 400 से अधिक विशेषज्ञ पहुंचे
मरीज भोपाल और मुम्बई के अस्पताल की ओटी में थे और सर्जन आगरा के डॉ. कमलेश टंडन नर्सिंग होम में। जहां से टेली रोबोटिक सर्जरी द्वारा गर्भाशय निकालने का सफल ऑपरेशन किया गया। ताज होटल द कनवेन्शन सेन्टर में आयोजित आगरा ऑब्सट्रेटिकल एंड गायनेकोलॉजी सोसायटी के नेशनल व यूपी चैप्टर और डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पीटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेन्टर द्वारा दो दिवसीय एंडो रोबो गायनी 2025 कार्यशाला में आज 25 जटिल ऑपरेशन किए गए। जिसमें भोपाल व मुम्बई की दो महिलाओं के गर्भाशय निकालने के ऑपरेशन रोबोटिक टेली सर्जरी विधि से किए गए, जिनका लाइव प्रसारण कार्यशाला स्थल ताज होटल एंड कनवेन्शन सेन्टर में किया गया।
कार्याशाला के आयोजन अध्यक्ष डॉ. अमित टंडन ने बताया कि आगरा में पहली बार रोबोटिक टेली सर्जरी किसी कार्यशाला में की गई है। इसमें रिमोट एक्सेस दूसरे शहर में बैठे सर्जन के पास होती है। कैंसर, पेट, आंत, स्त्री रोग से सम्बंधिक समस्याओं में रोबोटिक टेली सर्जरी की जा रही है। इस विधि से जटिल समस्या होने और सर्जन के दूर होने पर अपने शहर में ही बैठकर दूसरे शहर में मौजूद एक्सर्ट सर्जन से सर्जरी करवायी जा सकती है। परन्तु इसके लिए रोबोटिक सर्जरी का सेटअप दोनों शहरों में होना जरूरी है। कार्यशाला में आज विशेषज्ञों द्वारा लैक्पोस्कोपिक व रोबोटिक विधि से 25 जटिल सर्जरी की गईं। साथ ही नए सर्जनों को रोबोटिक सर्जरी की हैंडऑन ट्रैनिंग भी दी गई। सर्जरी करने वाले विशेषज्ञों में डॉ. अमित टंडन, डॉ. प्रिया भावे, डॉ. हफीज रहमान, डॉ. सुयश नवल, डॉ. आशीष काले, डॉ. देवांग जोगल, डॉ. बी रमेश, , डॉ. सेजल नईक, डॉ. संदीप निखाडे, डॉ. अमित तनेजा, डॉ. मिलिंद तेलंग, डॉ. नूतन जैन आदि थे।