आगरालीक्स…सोने—चांदी के दाम लाखों में पहुंचे लेकिन खरीदार हुए कम. ज्वैलरी खरीदारी में 25 प्रतिशत तक मांग गिरी, क्या फेस्टिव सीजन
सोने चांदी के दाम इस समय लाखों में है. सोने के दाम जहां प्रति 10 ग्राम 1.17 लाख रुपये पहुंच गया है तो वहीं चांदी के दाम धीरे—धीरे 1.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है. एक अनुमान के अनुसार दीवाली तक सोना भी 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच जाएगा. सोने और चांदी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन इसके खरीदार कम हो रहे हैं. रिकॉर्ड दामों के चलते सोने की मांग 25 प्रतिशत तक घट गई है.
दशहरा पर घटी मांग
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार दशहरा पर इस बार सोना महंगा जरूर हुआ लेकिन उसकी चमक खरीदारों के उत्साह को फीका कर गई. इस दशहरे पर देशभर में सोने की बिक्री 24 टन से घटकर 18 टन रह गई. पिछले साल के मुकाबले यह लगभग 25 प्रतिशत तक कम है. इसकी बड़ी वजह है रिकॉर्ड कीमतें. इस बार सोना 1.16लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिका, जबकि पिछले साल यही कीमत 78 हजार रुपये थी.