आगरालीक्स…..आगरा में 10 साल की गुंजन पर टूट पड़े कुत्ते, सिर से पांव तक 26 जगह काटा, डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी, हालत गंभीर, परिवार आर्थिक रुप से कमजोर, मदद की दरकार।
आगरा के दहतोरा क्षेत्र में 10 साल की गुंजन अपनी नानी के घर रह रही थी, उसकी मां का निधन हो चुका है और पिता बीमार रहते हैं। सोमवार सुबह गुंजन अपने घर से बाहर निकली, घर से कुछ ही दूरी पर आवारा कुत्तों ने गुंजन पर हमला बोल दिया। एक साथ कई कुत्तों ने गुंजन को काटना शुरू कर दिया, वह बोल नहीं पाती है इसलिए शोर नहीं मचा सकी। काफी देर तक कुत्ते उसे काटते रहे। उसके सिर से लेकर पांव तक कुत्तों ने घाव कर दिए। गुंजन के दिखाई न देने पर कुछ देर बाद परिजन आए, उन्होंने गुंजन को खून से लथपथ देखा, उसके शरीर पर कुत्ते के काटने के निशान थे। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों की टीम ने लगाए 36 टांके
गुंजन को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती किया गया। इसके बाद सर्जन डॉ. डीवी सिंह के साथ एनेस्थीसिया सहित डाक्टरों की टीम लगाई गई। डॉक्टरों की टीम ने गुंजन के टांके लगाए। गुंजन के 36 टांके लगे हैं और हालत गंभीर है।
अस्पताल द्वारा अपने स्तर से मंगाए गए इंजेक्शन
गुंजन के कुत्ता काटने पर लगाए जाने वाला एआरवी लगा दिया गया। लेकिन इस तरह के केस में इम्युनोग्लोबिन लगाए जाते हैं, इसकी कीमत करीब दो हजार रुपये है। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि गुंजन के परिजन आर्थिक रूप से कमजोर हैं, अस्पताल की तरफ से इलाज के लिए इंजेक्शन मंगाए गए। अभी हालत गंभीर बनी हुई है। इलाज के लिए आर्थिक रूप से सहयोग की जरूरत है, समाजसेवी संगठन मदद कर सकते हैं।