आगरालीक्स …आगरा में डॉगी डॉली की मौत होने पर अंतिम विदाई दी गई, पीएसी के जवानों ने अंतिम सलामी दी। डॉली को विस्फोटक सामग्री सूंघकर खोज निकालने में महारत थी और वीवीआईपी डयूटी में जाती थी।

पीएसी की 15 वीं वाहिनी में तैनात लैब्राडोर डॉली का जन्म दो अप्रैल 2012 को हुआ था।15 सितंबर 2013 को वह 15 वीं वाहिनी पीएसी आगरा में पहुंची। तब से वह विस्फोटक की जांच करने में अहम भूमिका निभा रही थी। देश के शीर्ष नेताओं के आगमन से लेकर विदेशी मेहमानों के आगमन से पहले डॉली से जांच कराई जाती थी। 16 जुलाई को डॉली को बुखार आ गया। डाग हैंडलर गिरीश कुमार ने उसे पशु चिकित्सालय सदर भट्टी में भर्ती कराया।22 जुलाई को उसे वेटरनरी कालेज मथुरा रेफर किया गया। शनिवार को चार बजे डॉली की मृत्यु हो गई। इसके बाद 15वीं वाहिनी पीएसी में अधिकारियों की मौजूदगी में शोक सभा आयोजित हुई।डॉॅली की अंतिम विदाई पर पुष्प अर्पित किए गए। सलामी दी गई।