मथुरालीक्स…यमुना एक्सप्रेस वे पर ओवरटेक करते समय दो बसें कांच से भरे कैंटर से टकराई. हादसे में 25—30 यात्री घायल.
आगरा मंडल के यमुना एक्सप्रेस वे पर गुरुवार तड़के थाना मांट क्षेत्र के माइलस्टोन 101 के पास दो बसों और कैंटर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. कैंटर में कांच लदे थे. हादसे में 25 से 30 यात्री घायल हुए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया. तीनों वाहन बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त हो गए जिन्हें बाद में क्रेन की मदद से हटवाया गया.
हादसा सुबह करीब 3 बजकर 15 मिनट पर हुआ. नोएटा से आगरा की ओर जाने वाली लेन पर कांच से भरा आयशर कैंटर आगरा की ओर आ रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही एक ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करते समय कैंटर में टक्कर मार दी. इसके बाद पीछे से आ रही ट्रैवल प्वाइंट की दूसरी बस भी कैंटर से टकरा गई. इससे कैंटर पलट गया. हादसे के बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बसों के अंदर से घायलों को बाहर निकाला. पुलिस ने सभी को अस्प्ताल भिजवाया है.