आगरालीक्स…उत्तरी बाईपास पर जाने से डर रहे वाहन, रैपुरा जाट से खंदौली के लिए 20 मिनट का रास्ता फिर भी बाईपास पर सन्नाटा..कारण चौंकाने वाला
बीते 10 दिन पहले ही आगरा परिक्षेत्र को उत्तरी बाईपास के रूप में एक नई सौगात मिली है. यह उत्तरी बाईपास इसलिए खास है क्योंकि मथुरा से आने वाले वाहन आगरा शहर की तरफ न आकर रैपुरा जाट से होकर इस बाईपास से खंदौली के लिए जा सकते हैं. अलीगढ़, कानपुर जाने वाले भारी वाहनों का आगमन शहर के अंदर कम हो, इसके लिए इस उत्तरी बाईपास का निर्माण कराया गया है.20 मिनट में रैपुरा जाट से खंदौली
उत्तरीबाईपास 14 किमी लंबा है. विगत दिनों ही इस बाईपास को शुरू किया गया है. मथुरा के रैपुराजाट से वाहन खंदौली तक महज 20 मिनट में इस बाईपास से होकर पहुंच रहे हैं. इस बाईपास को आगरा दिल्ली हाइवे के चैनल नंबर 174 से यमुना एक्सप्रेस वे के चैनल नंबर 141 से जोड़ा गया है.
टोल की वजह से घबरा रहे लोग
इतना अच्छा और समय को बचाने वाले इस उत्तरी बाईपास पर फिर भी जाने से वाहन चालक डर रहे हैं. उनकी गति को टोल टैक्स ने ब्रेक लगा दिया है. दरअसल मथुरा से आने वाले वाहन को इस बाईपास से खंदौली तक जाने के लिए दो टोल प्लाजा पार करने होंगे और उनकी फीस भी देनी होगी. मथुरा से रैपुरा जाट आने पर सबसे पहले फरह टोल प्लाजा मिलेगा और फिर उत्तरी बाईपास से यमुना एक्सप्रेस वे होकर खंदौली जाने के लिए खंदौली टोल प्लाजा पड़ेगा.
उदाहरण के तहत अगर कोई कार मथुरा से आती है तो उसे पहले फरह टोल प्लाजा पर एनएच का टोल 105 रुपये देना होगा. रैपुरा जाट से यदि वो कार उत्तरी बाईपास से जाती है तो 14 किमी के बाद कार यमुना एक्सप्रेस वे पर आ जाएगी और फिर उसे खंदौली जाने के लिए यहां से 8 किमी दूर खंदौली टौल प्लाजा पर 165 रुपये का टोल देना होगा. इसके बाद ही कार आगे बढ़ सकेगी.