आगरालीक्स ..आगरा में ट्रेनी महिला सब इंस्पेक्टर के साथ अश्लील हरकत करने पर इंस्पेक्टर के सस्पेंड के विवेचना की समीक्षा के लिए एसीपी के रात में बुलाने का मामला उठा। सख्त निर्देश, सूर्यास्त के बाद महिला सब इंस्पेक्टर की नहीं लगेगी डयूटी। ( Female Sub Inspector will not be on duty after sun set)
ट्रेनी महिला दरोगा ने थाना एत्माउददौला इंस्पेक्टर पर अश्लील हरकत करने, रात में सोने के लिए अपने कमरे पर बुलाने के आरोप लगाए थे। इस मामले की जांच के बाद इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही एसीपी सुकन्या शर्मा ने महिला दरोगों की बैठक बुलाई, जिससे महिला दरोगों की समस्या का पता चल सके।
रात घंटों खड़े रखते हैं एसीपी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दो महिला दरोगाओं ने बताया कि एसीपी विवेचना की समीक्षा के लिए रात में अपने आवास पर बुलाते हैं। जहां समीक्षा बैठक करते हैं वहां एक सोफा है, उस पर इंस्पेक्टर बैठ जाते हैं। महिला दरोगा को समीक्षा होने तक खड़ा रहना पड़ता है।
सूर्यास्त के बाद नहीं लगेगी डयूटी
पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ ने निर्देश जारी किए हैं कि सूर्यास्त के बाद महिला दरोगा की डयूटी न लगाई जाए। विशेष परिस्थितियों में थाना परिसर से बाहर निवास करने वाली महिला पुलिस कर्मी को डयूटी पर बुलाना जरूरी है तो उसे सरकारी वाहन भेजकर बुलाया जाए। महिला पुलिस कर्मी को थाना प्रभारी या अन्य किसी अधिकारी के हमराह की डयूटी में नहीं लगाया जाए।