आगरालीक्स ….आगरा में सिलेंडर फटने से मजदूर की मौत के मामले में अतुल फैक्ट्री इंजीनियरिंग उद्योग के मालिक, मैनेजर और स्टाफ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

आगरा के एत्मादउदौला के नुनिहाई स्थित अतुल फैक्ट्री में ढलाई का काम होता है, 21 मई को फैक्र्टी में कार्बन डाई आक्साइड के सिलेंडर लेकर टाटा 407 गाड़ी पहुंची, खड़ी गाड़ी में रखा सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। हादसे में गांव बास बादाम, खंदौली निवासी 25 साल के रुपेश की मौत हो गई थी और हर्ष व इरफान घायल हो गए थे। इस मामले में रुपेश के पिता छोटेलाल ने फैक्ट्री के मालिक, मैनेजर और स्टाफ के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
फैक्ट्री के मालिक, मैनेजर और स्टाफ पर मुकदमा
रुपेश के पिता छोटेलाल ने तहरीर में आरोप लगाए हैं कि उनका बेटा 10 साल से फैक्ट्री में काम कर रहा था, फैक्ट्री मालिक, मैनेजर और स्टाफ की लापरवाही से हादसा हुआ और उनके बेटे रुपेश की मौत हो गई। मजदूरों के बार बार कहने के बाद भी फैक्ट्री में सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। इस मामले में सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा का मीडिया से कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फैक्ट्री में पार्टनर नमन मित्तल का मीडिया से कहना है कि जो सिलेंडर फटा था वह कंपनी सप्लाई करती है। सिलेंडर गाड़ी से नीचे नहीं उतारा गया था, इसमें किसी का दोष नहीं है। जांच में स्पष्ट हो जाएगा।