आगरालीक्स …….आगरा के होटल अमर का मामला गर्माया, होटल अमर के मैनेजिंग डायरेक्टर के खिलाफ वाइस चेयरमैन ने दर्ज कराया मुकदमा, लगाए गंभीर आरोप।

आगरा के सिंह होटल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा होटल अमर और अमर यात्री निवास संचालित है। इसके चेयरमैन अमरदेव साहनी हैं। कंपनी में उनके बड़े बेटे रोमिंदर सिंह साहनी मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और छोटे बेटे जसिवंदर सिंह साहनी वाइस चेयरमैन हैं। चार अप्रैल 2022 को होटल अमर में बोर्ड बैठक बुलाई गई। इसमें विवाद के बाद मारपीट हो गई, लात घूंसे चले। थाना ताजगंज में मैनेजिंग डायरेक्टर रोमिंदर सिंह साहनी ने अपने छोटे भाई वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
होटलों के कार्य के संबंध में हुआ समझौता रदृद करने पर मारपीट
इस मामले में कंपनी के वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी ने थाना ताजगंज में पिता अमरदेव साहनी और भाई रोमिंदर सिंह साहनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाए हैं कि चार अप्रैल को पिता अमर देव साहनी ने होटल में बुलाया। वह शाम 5.30 बजे होटल में पहुंचे, वहां पहले से ही पिता अमर देव साहनी के साथ उनके बड़े भाई रोमिंदर सिंह भी थे। आरोप है कि पिता, कंपनी के चेयरमैन अमर देव साहनी ने वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी से कहा कि लिखित समझौता होटलों के कार्य के संबंध में हुआ था उसे रदृद कर रहे हैं। इसका विरोध किया कहा कि समझौते के बाद से काम अच्छा चल रहा है तो इसे रदृद क्यों किया जा रहा है। आरोप है कि यह सुनकर बड़े भाई मैनेजिंग डायरेक्टर रोमिंदर सिंह गुस्से में आ गए और मारपीट कर दी। लात घूसों से पीटा, सिर जोर से दीवार में मार दिया। कपड़े भी फट गए, शोर सुनकर होटल के कर्मचारी आ गए, उन्होंने बचाया।
धमकी दी सम्पति को भूल जाए
वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी ने दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाए हैं कि बड़े भाई मैनेजिंग डायरेक्टर रोमिंदर सिंह ने चेतावनी दी कि वह सम्पति भूल जाए। इससे उनकी पत्नी उन्हें अपने साथ सुरक्षित स्थानपर ले गई।
तीन दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
होटल अमर के मैनेजिंग डायरेक्टर रोमिंदर सिंह ने चार अप्रैल को छोटे भाई वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके तीन दिन बाद गुरुवार को वाइस चेयरमैन जसविंदर सिंह साहनी की तहरीर पर पुलिस ने कंपनी के चेयरमैन अमर देव साहनी निवासी 33 ए पुरानी ईदगाह कॉलोनी, रकाबगंज और कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर रोमिंदर सिंह निवासी 33 ए पुरानी ईदगाह कॉलोनी, रकाबगंज के खिलाफ थाना ताजगंज में धारा 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया है।
मेरे पिता मेरे देवता, उनसे कोई विवाद नहीं
होटल अमर के वाइस चेयरमैन जसविंदर साहनी ने गुरुवार शाम को अपने पिता के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे को मिस्टेक बताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता अमरदेव साहनी उनके भगवान समान है और उनसे मेरा कोई भी विवाद नहीं है. मैंने पुलिस में इसको लेकर स्टेटमेंट दे दिया है.