आगरालीक्स…आगरा से गोवा और सूरत के लिए शुरू हो सकती है फ्लाइट. हैदराबाद के बाद इन दो शहरों के लिए सीधे फ्लाइट का प्रस्ताव…इन महानगरों के लिए भी डिमांड
आगरा से इस समय मुंबई, हैदराबाद और बंगुलरु के लिए इंडिगो द्वारा फ्लाइट संचालित की जा रही हैं. तीनों ही महानगरों से आगरा की सीधी एयर कनेक्टिविटी है लेकिन अगर सबकुछ सही रहा तो आगरा से सूरत और गोवा के लिए भी जल्द फ्लाइट शुरू हो सकती है. इसका प्रस्ताव केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी को दिया गया है.
क्यों जरूरी है गोवा और सूरत के लिए फ्लाइट
आगरा से गोवा और सूरत के लिए सीधी विमान की सेवा का प्रस्ताव इसलिए जरूरी है क्योंकि ये दोनों ही महानगर आगरा से सीधे कनेक्ट रखते है. आगरा का बहुत सा व्यापारी वर्ग सूरत से माल आयात निर्यात करता है. ऐसे में व्यापारियों को सूरत के लिए लगातार जाना पड़ता रहता है. वहीं आगरा पर्यटन शहर है और गोवा भी पर्यटन नगरी है. अगर इन दोनों के बीच एयर कनेक्टिविटी शुरू हो जाती है तो यह आगरा और गोवा दोनों के लिए पर्यटन को बढ़ावा देगा. पर्यटक सीधे आगरा से गोवा और गोवा से आगरा विमान में सफर कर सकेंगे. वैसे इससे पहले आगरा से गोवा के लिए फ्लाइट एयर इंडिया की ओर से जो कि सप्ताह में दो बार संचालित होती थी. यह फ्लाइट गोवा से दिल्ली के लिए वाया आगरा होकर थी लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया.
इन शहरों के लिए सबसे ज्यादा डिमांड
यूं तो आगरा से भोपाल, लखनऊ और अहमदाबाद के लिए पहले से फ्लाइट संचालित थी लेकिन इन दोनों महानगरों के लिए भी एयर कनेक्टिविटी फिलहाल बंद कर दी गई है. आगरावासियों की मानें तो उन्हें आगरा से वाराणसी, अयोध्या, रांची, कोलकाता, देहरादून, अमृतसर के लिए सीधी एयर कनेक्टिविटी की डिमांड है.