आगरालीक्स…आगरा के व्यापारियों को लोन दिलाने के नाम पर लाखों रूपये ठग रहा था दिल्ली का गैंग. ऐसे लगा रहे थे व्यापारियों को चूना. पुलिस ने चार किए गिरफ्तार
दिल्ली का एक गैंग आगरा के व्यापारियों को लोन दिलाने के नाम पर लाखों रूपये की ठगी कर रहा था. आगरा पुलिस ने रविवार को इस गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को अरेस्ट किया है. ये गैंग लोन दिलाने के नाम पर व्यापारियों से कागजात और चेक ले लेते थे और इसके बाद लोन स्वीकृत होते ही उनके खाते को खाली कर देते थे. थाना छत्ता क्षेत्र में एक व्यापारी ने छल लाख रूपये की ठगी होने पर इसकी शिकायत पुलिस में की थी जिसके बाद पुलिस ने इस गैंग की तलाश की. यह गैंग अलीगढ और मेरठ में भी इसी तरह की घटना कर चुका है.
ये है पूरा मामला
आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र में अनिल कुमार जैन की मैसर्स अपटू डेट पैकर्स नाम से जूते के डिब्बे बनाने की फर्म हे. व्यापारी के अनुसार 21 जुलाई को उनके पास एक मोबाइल से अंजान काल आई. कॉल करने वाले ने कहा कि आपको लोन की आवश्यकता है तो मैं आईसीआईसीआई बैंक से लोन करा दूंगा. काल करने वाले ने अपना नाम आशीष बताया. इसके दो दिन बाद कॉल करने वाले ने अपने दो स्टाफ नीरज और प्रशांत को उनकी फैक्ट्री में सर्वे करने को भेजा.

सर्वे करने के बाद 28 जुलाई को दोनों व्यक्ति कारोबारी के घर पहुंचे और उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बिजली बिल, फर्म की बेलेंस शीट, एसएसएमई सर्टिफिकेट और छह चेक लेकर चले गए. एक अगस्त को अनलि कुमार को सूचना मिली कि किसी संदीप शर्मा नाम के व्यक्ति की आईडी लगाकर उनके खाते से 6.20 लाख रूपये निकाल लिए गए हैं. यह देखते ही कारोबारी के होश उड़ गए. उन्होंने संबंधित नंबर पर कॉल किया लेकिन कोई रिप्लाई नहीं मिला. 9 अगस्त को उन्होंने थाना छत्ता में मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने डाटा एनलिसिस और सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन के आधार पर चार आरोपियों को अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने इनके पास से वैगनआर, चार माबाइल, चेक, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य कागजात बरामद किए. पुलिस ने आरोपियों के पास से 6.01 लाख रूपये भी बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार यह गैंग दिल्ली का रहने वाला है. पकड़े गए गैंग के सदस्यों के नाम अशोक शर्मा निवासी कमल विहार कॉलोनी नई दिल्ली, कमल शर्मा निवासी मोदी नगर, गाजियाबाद, अनिल कुमार और देवेंद्र सिंह निवासी गुरूग्राम, हरियाणा हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में ये भी बताया कि इस तरह की वारदात वे अलीगढ़ व मेरठ में भी कर चुके हैं. चार जुलाई को उन्होंने अलीगढ़ की केनरा बैंक से 2.90 लाख रूपये निकाले थे तो वहीं सात जुलाई को मेरठ में पंजाब एंड सिंध बैंक से 3.20 लाख रूपये निकाले थे.