आगरालीक्स….आगरा में एक लाख से अधिक घरों में आज सुबह की चाय नहीं बनी. गैस की पाइपलाइन ठप होने से हुई परेशानी. जानिए कितने बचे हुई लाइन सुचारू
आगरा में शुक्रवार की सुबह एक लाख से अधिक घरों के लिए थोड़ा परेशान करने वाली आई. न तो चाय बनी और न ही नाश्ता. स्कूल जा रहे बच्चों के लंच के लिए पेरेंट्स को काफी माथपच्ची करनी पड़ी. गैस क्यों नहीं आ रही जब इसके बारे में पता किया तो जानकारी हुई कि रात को ही नुनिहाई रोड पर मेट्रो की खुदाई के दौरान गेल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है और इसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है. ऐसे में पूरे शहर की गैस सप्लाई को बंद कर दिया गया. लोगों के लिए यह परेशानी सुबह करीब 12 बजे तक रही, मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद सप्लाई को चालू कर दिया गया.
जानिए क्या था कारण
आगरा में गैस अथारिटी आफ इंडिया (गेल) द्वारा शहर में घरों के लिए पीएनजी, इंडस्ट्री के लिए पीएनजी और वाहनों के लिए सीएनजी सप्लाई की जाती है. इसके लिए मुख्य पाइप लाइन की है। गुरुवार रात को मेट्रो की खोदाई के दौरान नुनिहाई रोड पर शराब के ठेके के सामने गेल की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई. पाइप लाइन में तेज धमाका हुआ इसके साथ ही गैस का रिसाव शुरू हो गया. स्थानीय लोग दहशत में आ गए, पुलिस ने पहुंचकर यातायात रोक दिया और बेरिकेडिंग कर दी. पाइप लाइन टूटने की सूचना पर गेल की टीम पहुंच गई. पूरे शहर की गैस सप्लाई को बंद कर दिया गया. टीम रात में मरम्मत कार्य करने में जुटी हुई थी.
1.10 लाख पीएनजी कनेक्शन, 20 सीएनजी पेट्रोल पंप
आगरा में ग्रीन गैस की 1.10 लाख घरों में पीएनजी की सप्लाई हो रही है. वहीं, 20 सीएनजी पेट्रोल पंप हैं. इसके साथ ही इंडस्ट्री में भी गैस सप्लाई होती है. इससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित रहे.