आगरालीक्स…आगरा के खाटू श्याम मंदिर में खेली गई फलों की होली. महका श्याम दरबार, उमड़ा भक्तों का सैलाब
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में चल रहे श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत तृतीय दिवस मंदिर परिसर भक्ति, उल्लास और रंगों से सराबोर हो उठा। इस दिन श्याम बाबा के दरबार में फलों की होली का अद्भुत एवं मनोहारी आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से अभिभूत कर दिया। इस पावन अवसर पर श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार हरे-काले अंगूर, लाल सुर्ख चैरी एवं रसभरी से किया गया। विविध रंगों और सुगंधित फलों से सजा दरबार ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं प्रकृति अपने अनुपम वैभव के साथ बाबा की सेवा में उपस्थित हो। बाबा की मनोहारी छवि के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे।
भजन संध्या के मधुर वातावरण में जब “श्याम नाम” की स्वर लहरियां गूंज उठीं, तभी भक्तों के मध्य विविध फलों की बौछार की गई। श्रद्धालुओं ने उल्लासपूर्वक इस अनोखी होली का आनंद लिया। पूरा मंदिर परिसर जयघोषों, तालियों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन 4 मार्च तक मंदिर परिसर में विविध प्रकार की होली खेली जाएगी। तृतीय दिवस की फलों की होली में श्रृंगार एवं पोशाक सेवा विवेक अंकुश अग्रवाल द्वारा, इत्र सेवा अमरनाथ मंगल एवं मनोज गोयल द्वारा, फल की होली सेवा अंकित अग्रवाल द्वारा तथा लाइटिंग सेवा प्रतिदिन की भांति कृष्ण देव द्वारा श्रद्धाभाव से संपन्न की गई। उन्होंने बताया कि गुरुवार को मंदिर में टॉफी चॉकलेट की होली खेली जाएगी।