आगरालीक्स…आगरा में 40 लीटर सरसों का तेल एफएसडीए ने किया जब्त. दिवाली से पहले कई मिठाइयों के नमूने भी जांच के लिए भेजे…
आगरा में त्योहारों को लेकर एफएसडीए द्वारा लगातार खाने पीने की चीजों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. आज बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं के यहां निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कमल कुमार, किशोरपुरा आबादी स्थित एक्सपेलर से सरसों के तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया तथा मौके पर उपलब्ध 40 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। कमल आटा चक्की, किशोरपुरा आबादी से खुले बेसन का एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अतिरिक्त मोतीलाल नेहरू रोड, बेलनगंज से मिश्रित दूध का एक नमूना तथा जीवनी मंडी स्थित चीनी खिलौना निर्माण इकाई से चीनी खिलौना का एक नमूना संग्रहित किया गया। पंगोरिया स्वीट्स एंड फास्ट फूड, फतेहाबाद से खोया एवं छैना रसगुल्ला के एक-एक नमूने, अनिल घेवर वाले, फतेहाबाद से मिल्क केक एवं बर्फी के एक-एक नमूने तथा अग्रवाल भोजनालय, आगरा से सोयाबीन रिफाइंड ऑयल एवं पकी हुई अरहर की दाल के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। इसी क्रम में प्रेम हलवाई से खोया बर्फी का एक नमूना, जीवनी मंडी चौराहा स्थित स्वीट शॉप से बेसन लड्डू का एक नमूना तथा एक फेरी वाले से मिश्रित दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया।
इस प्रकार उक्त अभियान के अंतर्गत कुल 13 नमूने संग्रहित किए गए तथा 40 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।