आगरालीक्स…आगरा में दिवाली से पहले मिष्ठान्न विक्रेताओं के यहां पहुंची रही एफएसडीए की टीमें. 15 किलो बर्फी, 10—10 किलो छैना और लड्डू, 4 किलो चटनी निकली खराब..कराया नष्ट…8 नमूने जांच को भेजे
आगरा में दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार मिलावटी पदार्थों की जांच के लिए टीमें प्रतिष्ठानों पर भेजी जा रही हैं. मंगलवार को भी यह विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान रामनिवास बघेल पुत्र शिवनरेश बघेल, अर्जुन नगर, आगरा के प्रतिष्ठान से सोनपापड़ी, खोया, डोडा बर्फी एवं बेसन के लड्डू के कुल 04 विधिक नमूने संग्रहित किए गए. इसके अतिरिक्त मानिकपुरा, बाह स्थित एक डेयरी से पनीर का 01 नमूना, भदरौली स्थित थ्री व्हीलर से नमकीन का 01 नमूना, बेदी राम किराना स्टोर, गोकुलपुरा से मूंग दाल का 01 नमूना तथा राकेश मिष्ठान भंडार, गोकुलपुरा, आगरा से बेसन के लड्डू का 01 नमूना संग्रहित किया गया. इस प्रकार विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 08 विधिक नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच एवं विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर कुल 39 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9,000 है, मौके पर नष्ट कराई गई. नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री में 15 किलोग्राम बर्फी, 10 किलोग्राम छेना, 10 किलोग्राम बूंदी के लड्डू एवं 04 किलोग्राम हरी चटनी सम्मिलित हैं.
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. जनहित में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मिलावट के विरुद्ध विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.