आगरालीक्स…आगरा में एक्स्ट्रा क्लास के नाम पर कॉलेज प्रोफेसर पर छात्रा ने लगाए अश्लील हरकत के आरोप. विरोध किया तो दी कॉलेज से निकालने की धमकी. छात्रों ने किया प्रदर्शन
आगरा कॉलेज में एक प्रोफेसर पर रसायन विज्ञान विभाग की एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा ने आरोप लगाए हैं कि एक्स्ट्रा क्लास के नाम पर कॉलेज प्रोफेसर ने उसके साथ अभद्रता व अश्लील हरकतें की. जब उसने इसका विरोध किया तो प्रोफेसर ने उसे कॉलेज से निकालने की धमकी दी. छात्रा ने बुधवार को इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन से की लेकिन कोई एक्शन न लिए जाने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आज कॉलेज में प्राचार्य कार्यलय के सामने जमकर प्रदर्शन किया और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की. इस मामले में प्राचार्य ने छात्रा को न्याय दिलाने व जांच कमेटी गठित कर प्रोफेसर के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.

ये लगाए आरोप
आगरा कॉलेज से एक युवती बीएससी प्रथम वर्ष स्टूडेंट है. छात्रा ने शिकायत में बताया कि बुधवार को करीब साढ़े नौ बजे रसायन विज्ञान के प्रोफेसर ने उसे एक कक्षा में एक्स्ट्रा क्लास करने के लिए बुलाया. छात्रा का आरोप है कि एक्स्ट्रा क्लास के नाम पर प्रोफेसर ने उसके साथ अभद्रता व अश्लील हरकतें कीं. जब उसने इसका विरोध किया तो प्रोफेसर ने उसे कॉलेज से निकलवाने की धमकी तक दी जिससे छात्रा डर गई. बुधवार को छात्रा ने इसकी लिखित शिकायत कॉलेज प्रशासन को दी लेकिन शाम तक प्रोफेसर पर किसी भी तरह का कोई एक्शन नहीं लिया गया जिसके बाद छात्रा ने इस मामले को एबीवीपी के पदाधिकारियों को बताया. गुरुवार को एबीवीपी के सैकड़ों कार्यकर्ता पदाधिकारियों के साथ आगरा कॉलेज में प्राचार्य आफिस के सामने पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे. उन्होंने जमकर नारेबाजी की और आरोपी प्रोफेसर को निष्कासित करने की मांग की.
इस मामले में आगरा कॉलेज के प्राचार्य का कहना है कि संबंधित की जो शिकायत मिली है उसकी जांच के लिए एक टीम का गठन कर आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.