आगरालीक्स…आगरा में बीकॉम की छात्रा की हत्या कर जलाने के मामले में बड़ा खुलासा. हत्या करने से पहले हुआ था छात्रा का रेप. 35 घंटे बेड के नीचे रखा था उसका शव…
आगरा में बीकॉम की छात्रा की हत्या के बाद उसके शव को जलाकर सड़क पर फेंकने के मामले में पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेमी ने कबूल किया है कि उसने छात्रा की हत्या करने से पहले उसका रेप किया था और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी थी. आरोपी प्रेमी ने इसके बाद 35 घंटे तक बेड के नीचे छात्रा के शव को रखे रखा और इसके बाद अपने पिता की मदद से शव को खंदौली क्षेत्र में सड़क किनारे फेंक कर उसमें आग लगा दी. पुलिस ने इस मामले में दोनों पिता—पुत्र को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं अब इस मामले में पुलिस ने दुष्कर्म की धारा भी बढ़ा दी है.

बता दें कि थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली एक युवती जो कि बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी, के पिता ने पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी सोमवार सुबह दस बजे कॉलेज जाने के लिए निकली थी लेकिन दोपहर से उसका फोन स्विच आफ हो गया और देर शाम तक वह घर नहीं आई. बुधवार सुबह युवती का शव जलेसर रोड स्थित आबिदगढ़ के पास सड़क किनारे जलता हुआ मिला था.
प्रेम संबंध में हत्या, पुत्र ने पिता के साथ मिलकर जलाया शव
पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी. पुलिस ने जब मृतका के फोन की कॉल डिटेल निकाली जिसके बाद पता चला कि उसका अपने पड़ोस में रहने वाले युवक आशीष के साथ प्रेम संबंध थे. सोमवार को युवती प्रेमी के घर गई थी. यहां विवाद होने पर आशीष ने अपनी छत पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को बेड के नीचे छुपा दिया. करीब 35 घंटे तक बेड के नीचे शव छुपाने के बाद मंगलवार की रात को आशीष ने अपने पिता के साथ मिलकर शव को रजाई में लपेटा और शव को खंदौली ले जाकर आबिदगढ़ के पास पेट्रोल डालकर आग लगा दी. जानकारी होने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव आधा जल चुका था. पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया जहां बुधवार देर रात को उसकी पहचान कर ली गई.