आगरालीक्स….आगरा में हरियाली तीज उत्सव में झलकी परंपरा और उल्लास की छटा. सावन की सुहानी फुहारों के बीच पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का दिखा सुंदर संगम
अग्रवंश सेवा समिति की महिला सदस्यों ने हरियाली तीज उत्सव को उत्साह और उमंग के साथ शास्त्रीपुरम स्थित सेन्टर बेल शोरूम में धूमधाम से मनाया। सावन की सुहानी फुहारों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन की तस्वीर के समक्ष सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों झूला तो पड़ गए… और चूड़ी मजा न देगी…, पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। रंग-बिरंगे झूलों और हरे-भरे परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समिति की महिला प्रभारी पूजा अग्रवाल ने बताया कि तीज उत्सव मनाने का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने पारंपरिक त्योहारों और संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों को भी सहेजने का कार्य करते हैं। सहप्रभारी रितु मित्तल, प्रियंका गर्ग, नैना मंगल, गुंजन सिंघल ने बताया कि सभी सखियां हरे रंग के परिधान पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पुरानी परंपराएं पुनः जीवंत हो उठी हों। उन्होंने कहा कि यह अनुभव वैसा ही है, जैसा बेटियां अपने मायके जाकर तीज का त्योहार मनाती थीं। कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सबसे आकर्षक रूप से सज-धज कर पहुंची वंदना अग्रवाल के सिर पर तीज क्वीन का ताज सजा। अंत में रेखा गोयल को पंच्वेलिटी और व विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अनीता अग्रवाल, रेखा गोयल, सोनाली अग्रवाल, राजेश बंसल, मधु अग्रवाल, मनीषा मित्तल, मीनाक्षी अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, मीनेश मित्तल आदि उपस्थित थीं।