आगरालीक्स…आगरा के बचपन स्कूल में हुआ ग्रैंड पेरेंट्स डे समारोह दादा-दादी के लिए बना यादगार दिन…बच्चों के साथ दादा—दादी ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां
बचपन और एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल आगरा, सिकंदरा, आगरा के तीनों यूनिट कमला नगर और आवास विकास सिकंदरा में आज 20 सितम्बर 2025 को ग्रैंड पेरेंट्स डे का भव्य आयोजन किया गया। यह दिन बच्चों और उनके दादा-दादी/नाना-नानी के लिए बेहद खास रहा। स्कूल परिसर रंग-बिरंगी सजावट, उत्साह और प्यार भरे माहौल से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों और सभी दादा-दादी के पारंपरिक स्वागत के साथ की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने दादा-दादी के लिए सुंदर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बच्चों और दादा-दादी के लिए विशेष रूप से मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने बड़े उत्साह से भाग लिया। बच्चों और दादा-दादी ने मिलकर हैंड प्रिंटिंग एक्टिविटी में हिस्सा लिया, जिससे इस दिन की याद हमेशा के लिए सहेजने योग्य बन गई।

विशेष अवसर पर दादा-दादी ने अपने जीवन के अनमोल अनुभव, प्रेरणादायक कहानियाँ और संस्कार बच्चों को सुनाए। यह पल न केवल भावुक करने वाला था बल्कि बच्चों के लिए शिक्षा और प्रेरणा देने वाला भी रहा। खेल प्रतियोगिताओं में विजेता रहे दादा-दादी को सुंदर उपहार और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को स्कूल की ओर से आभार स्वरूप प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में बचपन स्कूल आगरा के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग और गुंजन गर्ग (निदेशक) ने कहा, “ग्रैंड पेरेंट्स डे का आयोजन हमारे बच्चों में पारिवारिक मूल्यों और बड़ों के प्रति सम्मान की भावना को विकसित करने का एक प्रयास है। दादा-दादी का जीवन अनुभव बच्चों के लिए अमूल्य धरोहर है और ऐसे कार्यक्रम हमें पीढ़ियों को एक-दूसरे के और करीब लाने में मदद करते हैं।” इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार, अभिभावकों और बच्चों ने मिलकर इस दिन को यादगार बनाया। सभी के चेहरों पर मुस्कान और दिल में भावनाओं की गर्माहट इस कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण थी।